कभी आपने सोचा है एक आम इंसान एक बाइक पर कितने आदमी को बैठा सकता है? आम इंसान इसलिए क्योंकि सेना के जवान एक साथ कई लोगों को बैठाने का कारनामा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर करते रहे हैं। लेकिन आम तौर पर सड़क पर ऐसा नजारा नहीं दिखता है, लेकिन बिहार के शिवहर जिले में एक शख्स ने कमाल ही कर दिया।

इस शख्स ने एक नहीं, दो नहीं बल्कि पूरे सात लोगों को अपनी बाइक पर बैठा रखा था। वो भी महिलाएं और बच्चे। अगर हल्का सा भी बैलेंस बिगड़ता तो अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस ने जब इस गाड़ी को देखा तो वो भी चकरा कर रह गई।

बिहार के शिवहर जिले का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक बाइक पर सात लोग बैठे दिख रहे हैं। पुलिस जैसे ही इस गाड़ी को रोकती है, वो देखकर चकरा जाती है। पुलिस को देखकर ऐसा लग रहा जैसे वो कह रही हो आखिर करें तो करें क्या…।

पुलिस के जवान ने जब शख्स को रोका तो शख्स ने कहा कि वो अस्पताल जा रहा है, इलाज करवाना है। पुलिस के जवान ने कहा कि कहीं भी जाइए, लेकिन बिना हेलमेट के सही नहीं है। वो भी इतने लोगों के साथ।

दरअसल बाइक पर शख्स के साथ दो महिला और चार बच्चे बैठे थे। पुलिस वालों ने युवक को समझाया कि इस तरह से सड़क पर नहीं चलना चाहिए। बच्चों और महिलाओं की जिंदगी खतरे में डाल रहे हैं। इसके बाद शख्स जवान से माफी मांगता हुआ नजर आया। उसने कहा कि वो आगे से ऐसा नहीं करेगा।

हालांकि कार्रवाई को लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों की ओर से भी इस मामले पर अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है। हालांकि यह वीडयो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है और लोग शख्स की आलोचना कर रहे हैं।