बिहार विधानसभा में शुक्रवार को हंगामे पर हंगामे होते रहे। एक तरफ तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर निजी टिप्पणियां कीं और आरोप लगाए तो वह आग बबूला हो गए। दूसरी तरफ विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी ने कहा, लोदीपुर में सुशील मोदी का 250-300 घर हैं। इसपर सुशील मोदी सीट छोड़कर खड़े हुए और कहा कि अगर वहां एक इंज जमीन भी निकल आई तो पूरी जमीन आपको दे दूंगा।

बता दें कि शुक्रवार देर शाम बीजेपी ने अपने राज्यसभा उम्मीदवार का भी ऐलान कर दिया है। चुनाव समिति ने उपचुनाव के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के नाम की घोषणा की है। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें उपमुख्यमंत्री के पद से हटाया गया था। चर्चाएं हैं कि उन्हें केंद्र में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।

राबड़ी देवी इससे पहले भी सुशील मोदी पर आरोप लगा चुकी हैं। इसपर मोदी ने कहा था कि जो भी आरोप हैं उनका प्रमाण भी दें। मोदी ने भी कहा था कि उनका एक फ्लैट भू माफिया ने 4 करोड़ 28 लाख रुपये देकर क्यों खरीदा था। राबड़ी देवी पटना में 30 से ज्यादा फ्लैट की मालकिन कैसे बनीं?

चुनाव हलफनाम में दी गई डीटेल के मुताबिक सुशील मोदी मुख्यमंतत्री नीतीश कुमार से ज्यादा अमीर हैं। बैंक में जमा, शेयर में निवेश, सोना औऱ इंशयोरेंस में निवेश को मिलाकर सुशील मोदी के पास करीब 1.26 करोड़ रुपये की संपत्ति है। उनकी पत्नी की संपत्ति मोदी से भी ज्यादा है। उनकी कुल 1.65 करोड़ की संपत्ति है। सुशील मोदी के पास उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्धनगर में एक आवासीय मकान भी है। सुशील मोदी 2005 में ही बिहार के उपमुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 2010 में दोबारा उपमुख्यमंत्री बने। नीतीश की बीजेपी के साथ सरकार में भी वह उपमुख्यमंत्री रहे। इस बार बिहार में दो डेप्युटी सीएम बनाए गए हैं औऱ उन्हें राज्यसभा का टिकट दिया गया है। यह सीट रामविलास पासवान के निधन के बाद खाली हुई थी।

चुनावी नामांकन के दौरान पेश किए गए हलफनामें के मुताबिक तेजस्वी यादव के पास 6 करोड़ रुपये की संपत्ति है। 2015 में उनके पास 2.13 करोड़ रुपये की ही संपत्ति थी। पांच साल में उनकी संपत्ति लगभग साढ़ी तीन करोड़ रुपये बढ़ गई है।