राष्ट्रपति पद के लिए वोट डाले जा रहे हैं और बुधवार को नतीजे आएंगे। विपक्ष की ओर से संयुक्त रूप से पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं। वहीं एनडीए की ओर से द्रौपदी मुर्मू उम्मीदवार हैं। द्रौपदी मुर्मू को यशवंत सिन्हा रबर-स्टाम्प उम्मीदवार कहते हैं और खुद को संविधान की रक्षा करने वाला बताते हैं। अब तेजस्वी यादव ने द्रौपदी मुर्मू को मूर्ति करार दिया है।
राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए वोट डालने के बाद तेजस्वी यादव ने समाचार चैनल न्यूज़ 24 से बात करते हुए कहा, “जो मजबूत हो, जो संविधान की रक्षा करे, जहां संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है, वहां हमें ऐसा राष्ट्रपति चाहिए, जो एक्ट कर सके। हम लोगों ने यशवंत सिन्हा जी को समर्थन दिया है। हम लोग तो वोटर हैं। हम किसी को सुने ही नहीं। आपसे सवाल पूछा जायेगा कि राष्ट्रपति चुनना है या मूर्ति, तो आप राष्ट्रपति चुनेंगे न।”
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “इस देश में अराजकता की स्थिति है। लोकतंत्र के लिए खतरा है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग बड़े पैमाने पर हो रहा है। हम ऐसा राष्ट्रपति चाहते हैं जो इस पर गौर करे। हमारे पीएम युवाओं या किसानों के मुद्दों पर चर्चा तक नहीं करते।”
वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने वोट करने के बाद कहा, “एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू भारत की राष्ट्रपति बनने के लिए बड़े अंतर से जीत हासिल करेंगी। इस देश में खुशी का माहौल है। भारत के आदिवासी समुदाय को पहले कभी इस पद को धारण करने का अवसर नहीं मिला।
वहीं शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में शिवसेना द्रौपदी मुर्मू का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि राष्ट्रपति चुनाव किसी भी राजनीतिक चुनाव से अलग होते हैं। यह सर्वोच्च पद है और एक उपयुक्त उम्मीदवार के लिए वोट डाला जाना चाहिए। इसलिए हमने यह निर्णय लिया।
गुजरात से एनसीपी विधायक कांधल जडेजा ने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया। वहीं उत्तर प्रदेश से सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव ने भी द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया।