जद (एकी) की विधान परिषद सदस्य का बेटा रॉकी यादव, जो रोडरेज में 20 साल के एक युवक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने का आरोपी है, को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रॉकी यादव पिछले दो दिनों से फरार चल रहा था। व्यवसायी के बेटे आदित्य सचदेवा और उसके दोस्तों ने विधान परिषद सदस्य मनोरमा देवी के बेटे की गाड़ी को ओवरटेक किया था। विधायक के बेटे की गाड़ी में विधायक का सुरक्षा गार्ड भी था। जिसके बाद उन लोगों ने व्यवसायी के बेटे की गाड़ी रुकवाई, उसमें बैठे लड़कों से तकरार हुई और विधायक के बेटे ने अपनी रिवाल्वर से उसके सिर में गोली मार दी।
वहीं बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जोर देकर कहा है कि आरोपी कानून के लंबे हाथ से नहीं बच सकता। इस हत्याकांड के विरोध में राजग और व्यावसायिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने सोमवार (9 मई) को गया बंद कराया। शहर में बंद का असर दिखा। यहां की दुकानें और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने बिहार में गिरती विधि व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इस प्रदेश में राष्ट्रपति शासनकाल लगाने का यह उचित समय है। जद (एकी) विधान पार्षद मनोरमा देवी के बेटे राकेश रंजन यादव उर्फ रॉकी कुमार यादव पर 6-7 मई की रात में आदित्य सचदेवा नामक युवक की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है।
मगध रेंज के डीआजी सौरभ कुमार ने बताया कि इस मामले में आरोपी को फरार होने में मदद करने के लिए रॉकी के पिता बिंदेश्वरी प्रसाद यादव उर्फ बिंदी यादव और मनोरमा देवी के अंगरक्षक राजेश कुमार को रविवार (8 मई) को गिरफ्तार कर लिया गया था। गया की एक अदालत ने उन दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
वहीं केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने पर मुख्यमंत्री पर सत्ता के नशे में चूर होने का आरोप लगाते हुए सोमवार (9 मई) को कहा कि अगर नीतीश कुमार जी प्रधानमंत्री बनते हैं तो बिहार की तरह देश में भी जंगल राज होगा।