बिहार कांग्रेस के उपाध्यक्ष ब्रजेश पांडे ने मंगलवार (21 फरवरी) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। ब्रजेश पर POCSO के तहत यौन शोषण का आरोप लगा है। ब्रजेश पर यह आरोप एक पूर्व राज्य मंत्री की बेटी ने लगाया था। लड़की ने मीडिया के सामने आकर धमकी दी थी कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह करके अपनी जान दे देगी। ब्रजेश के अलावा चार और लोगों पर POCSO Act, SC/ST Act (लड़की दलित थी) का केस दर्ज हुआ है। यह केस 22 दिसंबर को पटना थाने में रजिस्टर हुआ था। ब्रजेश का नाम इसमें तीन हफ्ते पहले स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम की जांच के बाद जोड़ा गया था।
लड़की ने झारखंड कैडर के एक रिटायर्ड आईएएस ऑफिसर के बेटे का भी नाम लिया था। उसका नाम प्रियदर्शी है। लड़की ने कहा था कि प्रियदर्शी ने शादी का झांसा देकर उसका रेप किया था। फिलहाल सारे आरोपी फरार हैं। मीडिया के सामने आकर लड़की ने बताया कि प्रियदर्शी ने उसका रेप किया था। लड़की ने कहा कि ब्रजेश पांडे ने भी उसको गलत तरीके से छुआ था। लड़की के मुताबिक, यह मामला पिछले साल अगस्त का है। जब उसको नशीला पदार्थ पिलाकर पटना के किसी घर में ले जाया गया था। लड़की ने मीडिया से यह भी कहा कि उसने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी बात की लेकिन किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई।
ब्रजेश से इस बारे में इंडियन एक्सप्रेस की बात नहीं हो पाई। लेकिन बिहार के पीसीसी अशोक कुमार चौधरी को लिखे गए पत्र में ब्रजेश ने अपने आप को बेकसूर बताया है। ब्रजेश ने इसको अपने खिलाफ साजिश बताया। उन्होंने यह भी कि लड़की ने जब वीडियो पर बयान दिया था तो उनका नाम नहीं लिया था।

