Bihar Cabinet Expansion: बिहार में जल्द ही नीतीश कुमार कैबिनेट का मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है। आरजेडी और कांग्रेस कोटे के कुछ विधायकों को मंत्रीपद दिया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि दोनों ही दलों से 2-2 विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। कांग्रेस अपने कोटे से एक सीट सवर्ण और एक पिछड़ी जाति को दे सकती है तो वहीं आरजेडी एक सीट भूमिहार और एक राजपूत को दे सकती है। अगर मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं की बात करें तो राजद के भूमिहार कोटा से कार्तिक मास्टर का नाम आगे चल रहा है। साथ ही राजपूत कोटा से पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह का नाम आगे चल रहा है।
कांग्रेस इन नेताओं को बना सकती है मंत्री
कांग्रेस अपने कोटे से ब्राह्मण नेता विजय शंकर दुबे और राजपूत कोटा से आनंद शर्मा को मंत्री बना सकती है। बता दें कि जब पटना में आयोजित बैठक में नीतीश कुमार से राहुल गांधी ने कांग्रेस से 2 मंत्री बनाए जाने को लेकर आग्रह किया था तो नीतीश कुमार ने हामी भरी थी। संभावना जताई जा रही है कि 24 जुलाई से पहले बिहार कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। बताया जा रहा है कि इसी क्रम में बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह और बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने का कार्यक्रम है।
लोकसभा चुनाव का दिखेगा असर
लोकसभा चुनाव के पहले नीतीश मंत्रिमंडल विस्तार महागठबंधन के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। कई विधायक मंत्रिमंडल विस्तार पर नज़र टिकाए हुए है। मंत्रिमंडल विस्तार में जहां जातिगत समीकरण सामने की कोशिश होगी। वहीं मंत्री ना बनाए जाने से नाराज विधायकों को साधना भी चुनौती भरा होगा। माना जा रहा है कि सबसे ज़्यादा समस्या आरजेडी और कांग्रेस को हो सकती है। इस समस्या को हल करना महागठबंधन के लिए मुश्किल होगा क्योंकि पहले ही जदयू और कांग्रेस विधायकों को लेकर चर्चा का बाजर गर्म है क्योंकि बीजेपी और उसके सहयोगियों ने दावा कर रखा है की कांग्रेस और जदयू के कई विधायक संपर्क में है।