2019 के लोकसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों ने जाति कार्ड खेलना शुरू कर दिया है। बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर एक बड़ा पोस्टर लगाया गया है जिस पर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी समेत प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं की तस्वीर लगाई गई है और उनके आगे उनकी जाति लिखी गई है। पोस्टर में राहुल गांधी को ब्राह्मण बताया गया है। उनके एक तरफ प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष मदन मोहन झा हैं तो दूसरी तरफ राज्य प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल हैं। इन दोनों के आगे क्रमश: ब्राह्मण और राजपूत लिखा गया है। पोस्टर में कांग्रेस के कद्दावर नेता सदानंद सिंह भी हैं। उन्हें पिछड़ा समुदाय का बताया गया है। अगली पंक्ति में राज्य सभा सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह हैं जिनके आगे भूमिहार समुदाय लिखा गया है।
तस्वीर में नेताओं की दूसरी पंक्ति में पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी भी हैं। उनके आगे मुस्लिम समुदाय लिखा गया है। उसी पंक्ति में पूर्व मंत्री अशोक राम भी हैं, उनके आगे दलित समुदाय लिखा गया है। इनके अलावा गुजरात के विधायक अल्पेश ठाकोर की भी तस्वीर लगाई गई है। वो विछड़ा समुदाय से आते हैं। पोस्टर के सबसे ऊपर एक तरफ सोनिया गांधी और मीरा कुमार की तस्वीर है तो दूसरी तरफ पूर्व गवर्नर निखिल कुमार की तस्वीर है। पोस्टर के ऊपर लिखा गया है, नव नियुक्त बिहार कांग्रेस कार्य समिति में सामाजिक समरसता की मिसाल कायम करने पर श्री राहुल गांधी जी एवं श्री शक्ति सिंह गोहिल की का हार्दिक आभार।” पोस्टर पर नीचे सिद्धार्थ क्षत्रिय को शुभेच्छू को तौर पर दिखाया गया है।
माना जा रहा है कि कांग्रेस नेता ने इसके जरिए कांग्रेस के जातिय समीकरण को उजागर करने और ऊंची जाति को लोगों को खुश करने की कोशिश की है साथ ही यह संदेश देने की कोशिश भी की है कि कांग्रेस में ऊंची जाति से लेकर दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों को साथ लेकर चलने की ताकत है। बता दें कि कांग्रेस ने कुछ दिनों पहले पूर्व मंत्री मदन मोहन झा को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर ब्राह्मणों को लुभाने की कोशिश की थी। उससे पहले भूमिहार समुदाय को आकर्षित करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री अखिलेश सिंह को राज्यसभा भेजा था।
#WATCH: A Congress poster identifying party leaders with their caste and religion seen at Patna's Income Tax chowraha. #Bihar pic.twitter.com/jR4o7zI2g5
— ANI (@ANI) September 26, 2018
राज्य में कांग्रेस लंबे समय से राजद के साथ गठबंधन में है। राष्ट्रपति चुनाव में पार्टी ने दलित नेता मीरा कुमार को उम्मीदवार बनाया था। कांग्रेस इन दिनों सॉफ्ट हिन्दुत्व का राह पर बढ़ रही है। राहुल कैलाश मानसोरवर से लेकर तमाम मंदिरों में माथे टेक रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता राहुल गांधी को जनेऊधारी ब्राह्मण कह चुके हैं। दो दिन पहले अमेठी में भी राहुल को शिव भक्त बताते हुए एक पोस्टर लगाया गया था।