बिहार में विधायकों के एक से एक कारनामे सामने आते रहे हैं। कभी अपराध तो कभी बयानों को लेकर अक्सर सभी पार्टियों के कई विधायक चर्चाओं में बने रहते हैं। अब एक और ऐसा ही मामला सामने आया है। बिहार के 40 नेताओं पर संपत्ति छुपाने का आरोप लगा है। इसमें बाहुबली विधायक छोटे सरकार उर्फ अनंत सिंह का नाम भी शामिल हैं। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री और हम के मुखिया जीतन राम मांझी भी इस लिस्ट में शामिल हैं।

सभी पार्टियों के विधायक शामिल- मिली जानकारी के अनुसार इसमें से 10 विधायक ऐसे हैं, जिन्होंने काफी हेरफेर किया है। किसी ने हलफनामे में दिखाई गई संपत्ति से 20 करोड़ से ज्यादा का माल छुपाया है। वहीं किसी को 10 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति छुपाई है। इसमें जदयू, बीजेपी, राजद, हम, कांग्रेस समेत सभी पार्टियों के विधायक शामिल हैं। कुछ मौजूदा सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।

चुनाव आयोग करेगा कार्रवाई पर फैसला- आयकर विभाग की जांच में यह जानकारी सामने आई है। चुनाव जीतने वाले सभी विधायकों की संपत्ति की जांच के बाद इसकी रिपोर्ट केंद्रीय चुनाव आयोग को भेज दी गई है। इसमें उन 40 विधायकों के नाम हैं जिन्होंने संपत्ति की गलत जानकारी दी है। उन पर अंतिम कार्रवाई करने का आदेश केंद्रीय चुनाव आयोग को देना है। आयोग से आदेश मिलने के बाद अगले चरण की कार्रवाई की जा सकेगी।

किस-किसका नाम शामिल- नियमों के अनुसार इन विधायकों पर जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। मोकामा से राजद विधायक अनंत सिंह के हलफनामे में बताई गई संपत्ति से करीब 20 करोड़ रुपये की अधिक की संपत्ति मिली है। इसी तरह पूर्व सीएम और हम अध्यक्ष जीतन राम मांझी की संपत्ति में भी गड़बड़ी पाई गई है। इसी तरह गया के बेलागंज से विधायक सुरेंद्र प्रसाद यादव, दानापुर से विधायक रीतलाल यादव, नवादा से चुनाव लड़ने वाले कौशल यादव भी इस सूची में शामिल हैं।

कैसे छुपाई संपत्ति- इन विधायकों द्वारा हलफनामे में जिन संपत्तियों का जिक्र किया गया है, उनसे कई स्तरों पर हेरफेर की गई है। किसी संपत्ति की कम कीमत दिखाई गई तो किसी ने चल और अचल, वास्तविक रूप से जो संपत्ति उनके पास है उससे कम दिखाया है। कुछ संपत्तियां छिपाई गई हैं।