बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग जारी है। पहले चरण में 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। इन सभी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव आयोग ने 45,324 सामान्य बूथ जबकि 13 सहायक बूथ बनाए हैं। पहले चरण में मधेपुरा, सहरसा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सारण, सीवान, गोपालगंज, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर की 121 सीटों पर वोटिंग होगी।
1314 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
बिहार के 3 करोड़ 75 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बता दें कि बिहार में पहले चरण में 1314 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। इसमें 122 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। बिहार की पांच विधानसभा सीटों को संवेदनशील माना गया है और इन क्षेत्रों में शाम 5 बजे तक ही मतदान होगा। महिषी, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर और सिमरी बख्तियारपुर के सभी बूथों पर शाम 5 बजे तक ही मतदान होगा जबकि सूर्यगढ़ा विधानसभा के 56 बूथों पर शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इन सभी बूथों को चुनाव आयोग ने संवेदनशील माना है।
कौन सा दल कितनी सीटों पर लड़ रहा?
अगर हम देखें तो पहले चरण में इंडिया गठबंधन की ओर से राजद 73, कांग्रेस 24, और सीपीआई माले 14 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जबकि सीपीआई 5, वीआईपी 5 और आईआईपी 3 सीटों पर मैदान में है। वहीं एनडीए की ओर से जदयू 57, भाजपा 48, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 14 और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा दो सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पहले चरण की 8 सीटों पर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM भी चुनाव लड़ रही है। वहीं जन सुराज पार्टी के 119 उम्मीदवार इस चरण में मैदान में हैं।
4.5 लाख सुरक्षा बल संभालेंगे मतदान केंद्रों की सुरक्षा
पहले चरण की वोटिंग के लिए करीब 4.5 लाख सुरक्षा बल मतदान केंद्रों की सुरक्षा संभालेंगे। इसमें केंद्रीय सुरक्षा बल की 1500 से अधिक कंपनियां शामिल है। वहीं सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कड़ी नजर है। सभी बूथों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बिहार की सीमा नेपाल से भी लगती है। ऐसे में उस सीमा को सील कर दिया गया है।
16 मंत्रियों की किस्मत का फैसला ईवीएम में होगा कैद
पहले चरण में बिहार सरकार के 16 मंत्रियों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद होगा। पहले चरण में रत्नेश सादा, मंगल पांडे, विजय कुमार चौधरी, संजय सरावगी, जीबेश मिश्रा, मदन सहनी, केदार प्रसाद गुप्ता, सुनील कुमार, राजू कुमार सिंह, कृष्ण कुमार मंटू, महेश्वर हजारी, डॉक्टर सुनील कुमार, श्रवण कुमार और नितिन नवीन चुनावी मैदान में हैं। वहीं जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष मदन चौधरी की सीटों पर भी पहले चरण में ही वोटिंग होगी।
दांव पर तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी की भी प्रतिष्ठा
पहले चरण में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा की किस्मत का फैसला भी ईवीएम में कैद होगा। तेजस्वी यादव राघोपुर से मैदान में हैं तो वही सम्राट चौधरी तारापुर और विजय कुमार सिंह लखीसराय से चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार की चर्चित विधानसभा सीट मोकामा में भी 6 नवंबर को ही वोटिंग होने वाली है। यहां पर 30 अक्टूबर को दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी, जिसके बाद से यह हॉट सीट बन गई। यहां से जदयू की ओर से अनंत सिंह जबकि राजद की ओर से सूरजभान की पत्नी वीणा देवी मैदान में हैं।
