Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे शुक्रवार को आए। इसमें बहुजन समाज पार्टी को एक सीट मिली। कैमूर जिले के रामगढ़ से पार्टी उम्मीदवार सतीश कुमार सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी के अशोक कुमार सिंह को 30 वोटों के मामूली अंतर से हराया। मायावती के नेतृत्व वाली पार्टी ने राज्य विधानसभा की 243 सीटों में से 192 सीटों पर चुनाव लड़ा था।

सतीश यादव को 72,689 और अशोक कुमार को 72,659 वोट मिले। राष्ट्रीय जनता दल के अजीत कुमार 41,480 और जन सुराज पार्टी के आनंद कुमार सिंह 4,426 वोटों के साथ तीसरे और चौथे नंबर पर रहे। इस सीट पर नोटा को 1,154 वोट मिले।

रामगढ़ को माना जाता है आरजेडी का गढ़

रामगढ़ को पारंपरिक रूप से राष्ट्रीय जनता दल का गढ़ माना जाता है। सतीश यादव ने पिछले साल बसपा के चुनाव चिन्ह पर रामगढ़ उपचुनाव लड़ा था, लेकिन अशोक कुमार सिंह से 1,362 वोटों के अंतर से हार गए थे।

ये भी पढे़ं: ‘बिहार का यह परिणाम चौंकाने वाला है’, करारी हार के बाद राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया

2020 के विधानसभा चुनाव में सतीश के चाचा अंबिका सिंह ने बसपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और राजद के सुधाकर सिंह के खिलाफ केवल 189 वोटों से दूसरे स्थान पर रहे थे। बसपा के बिहार प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि टीचर सतीश और उनके चाचा पहले भी इस सीट से मामूली अंतर से चुनाव हार चुके हैं।

एनडीए को मिला बहुमत

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए 202 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल करते हुए विजयी हुआ है। भारतीय जनता पार्टी को 89 सीटें मिलीं, जबकि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल यूनाइटेड ने 85 सीटें जीतीं। चिराग पासवान की एलजेपी-आरवी ने 19 सीटें जीतीं। महागठबंधन सिर्फ 35 सीटों पर ही सिमट कर रह गया। राष्ट्रीय जनता दल ने 25 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस पार्टी महज 6 ही सीटें जीत पाई। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी अपना खाता भी नहीं खोल सकी।