Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025: बिहार की सासाराम सीट से राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार सत्येंद्र साह को सोमवार को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी। संबंधित थाने के अधिकारियों ने बताया कि साह की गिरफ्तारी झारखंड पुलिस ने की, क्योंकि उनके खिलाफ एक गैर-जमानती वारंट लंबित था। उनके समर्थक इस कार्रवाई से अनजान थे और गिरफ्तारी की खबर फैलते ही हैरान रह गए।

रोहतास जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “जैसे ही सत्येंद्र साह सासाराम सीट से अपना नामांकन दाखिल करने के लिए अनुमंडल कार्यालय पहुंचे, झारखंड पुलिस की एक टीम वहां पहुंची और उनके खिलाफ लंबित गैर जमानती वारंट तामील किया।” झारखंड पुलिस ने कहा कि वह गढ़वा जिले के चिरौंजिया मोड़ पर 2004 में बैंक में हुई लूट के मामले में आरोपी हैं। झारखंड के गढ़वा में सदर थाने के प्रभारी अधिकारी सुनील तिवारी ने कहा, “उस मामले में 2018 में सत्येंद्र साह के खिलाफ एक स्थायी वारंट जारी किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड बताते हैं कि लूट, डकैती और शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन से संबंधित 20 से अधिक मामले विभिन्न थानों में उनके खिलाफ लंबित हैं।”

ये भी पढ़ें: महागठबंधन में गहरी हुई दरारें, कैसे खत्म होगा टकराव

इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों की गिरफ्तारी का तीसरा मामला

यह ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशियों की गिरफ्तारी का तीसरा मामला है। इससे पहले, भाकपा (माले) लिबरेशन के दो उम्मीदवार भोरे से जितेंद्र पासवान और दरौली से सत्यदेव राम को भी नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद गिरफ्तार किया गया था। भाकपा (माले) लिबरेशन ने एक बयान जारी कर इन गिरफ्तारियों की निंदा की थी। पार्टी ने कहा था, ‘‘हम कॉमरेड जितेंद्र पासवान और कॉमरेड सत्यदेव राम की राजनीतिक रूप से प्रेरित गिरफ्तारियों की कड़ी निंदा करते हैं। उन्हें नामांकन केंद्र के बाहर, झूठे और बेबुनियाद आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया। यह एनडीए के नेताओं के भीतर फैले भय और घबराहट को उजागर करता है, जो बढ़ते जनाक्रोश और परिवर्तन की इच्छा से भयभीत हैं।”

बिहार में कब होंगे विधानसभा चुनाव?

बता दें कि बिहार में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण का चुनाव 6 नवंबर जबकि दूसरे चरण का चुनाव 11 नवंबर को होगा। वहीं 14 नवंबर को नतीजे आएंगे। पहले चरण में 121 सीटों पर जबकि दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान होगा। दोनों चरणों की नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है और सभी उम्मीदवार अपने प्रचार में लग गए हैं।