भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने तंज कसा है। सुशील मोदी ने कहा वो गलत संगत में पड़ गए है। उन्होंने कहा कि सिन्हा लगातार अपनी ही पार्टी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे है। सुशील मोदी ने कहा कि अगर उन्हें बीजेपी नहीं पसंद है तो पार्टी छोड़ देनी चाहिए। बता दें कि हाल में एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर हमला बोला था। सुशील मोदी के इस जवाब को सिन्हा पर पलटवार माना जा रहा है।
दरअसल, शत्रुघ्न सिन्हा काफी दिनों से बीजेपी पर हमलावर है। वो बीजेपी और पीएम मोदी पर हमला करने से भी नहीं चूकते है। हाल ही में उन्होंने टीवी इंटरव्यू के दौरान भी ऐसा किया। जिसके बाद बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कुछ लोगों को अपने बारे में बड़ी गलतफहमी हो जाती है। उन्हें लगता है कि लोग उनको ही वोट देते हैं। ऐसे लोगों को बीजेपी छोड़ देनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा एक बार नाराज होकर चुनाव में प्रचार में नहीं गए थे। इसके बावजूद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने भारी बहुमत से चुनाव जीत हासिल की। सुशील मोदी ने शत्रुघ्न सिन्हा पर तंज कसते हुए कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा इन दिनों यशवंत सिन्हा की गलत संगत में चले गए हैं।
सुशील मोदी यहीं नहीं रुके उन्होंने यह तक कह डाला कि यदि शत्रुघ्न सिन्हा को अपनी लोकप्रियता पर इतना ही गुमान है तो पटना साहिब लोकसभा सीट से चुनाव लड़ कर देख लें। उन्होंने कहा कि उनके चुनाव जीतने में कई लोगों का योगदान रहा है। सुशील मोदी ने कहा कि इन दिनों वे (शत्रुघ्न) जिस तरह बीजपी को गालियां दे रहे हैं, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया, दो बार राज्यसभा और दो बार लोकसभा भेजा, क्या उस पार्टी के बारे में ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए? उन्होंने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा मेरे भी आइकॉन रहे हैं।
