बिहार में बीपीएससी परीक्षा में हुई धांधली को लेकर भाजपा और आरजेडी आमने सामने हैं। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पेपर लीक के आरोपियों का संबंध आरजेडी से बताया तो इस पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भड़क गए। तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए उन्हें सबसे बड़ा निकम्मा उपमुख्यमंत्री करार दे दिया।
तेजस्वी ने सम्राट चौधरी को बताया सबसे निकम्मा उपमुख्यमंत्री
तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, “उनसे बड़ा निकम्मा उपमुख्यमंत्री आज तक किसी ने नहीं देखा होगा। वे कहते हैं RJD के लोग पेपर लीक कराते हैं, तो पकड़ो, हम पकड़ेंगे? सबूत दिखाएं, पकड़े और जेल में डाले। सीबीआई, आईटी और ईडी की मदद से पकड़ें। इनकी कोई उपलब्धि है? आज हत्या, लूट जारी है, बैंक लूटे जा रहे हैं, अपहरण हो रहा है। हम इसकी सूची जारी करते हैं। ये लोग केवल दया पर उपमुख्यमंत्री बने हुए हैं, ये लोग बिहार का नुकसान कर रहे हैं।”
तेजस्वी यादव यही नहीं रुके। उन्होंने सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह थके हुए मुख्यमंत्री और रिटायर्ड अधिकारियों के साथ सरकार चला रहे हैं। तेजस्वी ने कहा, “मुख्यमंत्री के पास अब कोई विजन नहीं है। चाचा कभी इधर कभी उधर। बिहार में तो स्थिर सरकार भी नहीं होती है। बिहार का चुनाव देश का इकलौता चुनाव होता है, जब पूरे देश में कहीं और चुनाव नहीं होता है। वन नेशन वन इलेक्शन को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में तो एक फेज में चुनाव कर नहीं करवा पाते तो पूरे देश में क्या कराएंगे?
नीतीश पर तेजस्वी ने साधा निशाना
सीएम नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने कहा, “चाचा पूर्णिया में थे और कहा था कि उनका अंतिम चुनाव है। उन्होंने खुद अपने रिटायरमेंट की घोषणा की थी। नीतीश कुमार यात्रा पर निकल रहे हैं लेकिन उन्हें सबसे पहले छात्र और छात्राओं से मिलने आना था।”
बीपीएससी के छात्र बिहार लोक सेवा आयोग के खिलाफ धरने पर बैठे थे। इसी धरना स्थल पर छात्रों के समर्थन में तेजस्वी यादव भी वहां पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि 70वीं बीपीएससी परीक्षा जो बिहार में हुई है, उसे रद्द किया जाना चाहिए। हम लोग पूरे तरीके से न्याय चाहते हैं। पढ़ें तेजस्वी क्यों बोले- आम सहमति से ही तय हो ‘इंडिया’ का नेता