Bihar Politics: पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह को सुपौल में घुसने को लेकर दी गई धमकी के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। रविवार (21 अगस्त, 2022) को जमुई के सांसद चिराग पासवान ने आरसीपी सिंह का समर्थन किया। सुपौल के जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने शुक्रवार को आरसीपी सिंह के खिलाफ धमकी भरा बयान दिया था।
चिराग ने कहा कि किसी को कहीं भी जाने से कोई नहीं रोक सकता है। बिहार किसी की जायदाद नहीं है। हम भी सुपौल जाएंगे, कोई रोककर दिखाए। ये किस तरह की गुंडागर्दी है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच हर कोई जाएगा, अपनी बात को रखेगा।
बिहार किसी जायदाद नहीं है: चिराग
रविवार को पटना एयरपोर्ट के बाहर मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में कोई भी बिहारी कहीं भी जा सकता है। और अगर कोई यह सोचता है कि बिहार उनकी जायदाद है तो वो भ्रम में जी रहा है। रोक कर दिखाएं। आरसीपी सिंह भी जाएंगे और हम लोग भी जाएंगे, रोक कर दिखाएं।
बिहार में केवल बयानबाजी हो रही: चिराग पासवान
बिहार सरकार के मंत्री सुरेन्द्र यादव ने सुशील मोदी की संपत्ति की जांच कराने की बात कही। जिस पर चिराग पासवान ने कहा कि सरकार जिसकी संपत्ति की जांच करना चाहती है कराए, लेकिन राज्य की जनता की परेशानियों पर काम कब करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए कि वो सूखे से परेशान किसानों को मुआवजा दे। शिक्षक हड़ताल पर हैं, उनकी समस्या का सामाधान करना चाहिए।
चिराग ने कहा कि बिहार में केवल बयानबाजी हो रही है। नीतीश कुमार ने कभी भी बिहार और बिहारियों पर कोई ध्यान नहीं दिया। अगर उन्होंने ध्यान दिया है, तो वो बताएं। चिराह ने आगे कहा कि नीतीश कुमार ने 2015 से लेकर अभी तक अपने ऊपर ध्यान दिया, अपनी कुर्सी बदलने के अलावा कुछ नहीं किया है।
‘जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने दिया था धमकी भरा बयान’
बता दें, सुपौल के जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने शुक्रवार को आरसीपी सिंह के खिलाफ धमकी भरा बयान दिया था। राजेंद्र यादव ने कहा था कि जेडीयू छोड़कर जाने वाले आरसीपी सिंह अब सावधान हो जाएं। सुपौल की धरती विजेंद्र यादव और नीतीश कुमार की धरती है, यहां की आवाम नीतीश कुमार के साथ है। यहां आने की कोशिश नहीं कीजिएगा, अन्यथा आपके साथ बहुत बुरा होगा।