Bihar Politics: बिहार में अभी तक सत्तारुढ़ दल के नेताओं के विवादित बयान सामने आते रहे हैं, लेकिन इस बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक ललन पासवान ने ऐसा बयान दिया है, जिससे वो विवादों में घिर गए हैं। बीजेपी विधायक ललन पासवान ने हिंदू मान्यताओं को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
भागलपुर के पीरपैंती से बीजेपी विधायक ललन पासवान ने एक पोर्टल पर संवाद कार्यक्रम के दौरान दिवाली में लक्ष्मी पूजन पर सवाल खड़े किए हैं।इसके पीछे उन्होंने अपना तर्क भी रखा। उन्होंने कहा कि मुसलमान लक्ष्मी की पूजा नहीं करते, तो क्या वे अमीर नहीं होते हैं’।
भाजपा विधायक ने कहा कि मानो तो देव नहीं तो पत्थर। जब तक मान रहे हैं तभी ये आत्मा और परमात्मा का चक्कर है। अगर मानना छोड़ देंगे तो बौद्धिक क्षमता बढ़ेगी। मान्यता के बजाए अपने तर्क शक्ति से जब जोड़ेंगे, जब उनकी सोच वैज्ञानिक होगी तो खुद हमारी तरह वो भी बदलेंगे। इसी क्रम में विधायक ललन कुमार ने देवी-देवता पूजन पर भी सवाल खड़े किए।
भाजपा विधायक ने सरस्वती की पूजा को लेकर भी खड़े किए सवाल
ललन पासवान ने कहा कि मान्यता है कि सरस्वती, विद्या की देवी हैं, लेकिन मुसलमान सरस्वती की पूजा नहीं करते हैं तो क्या वो विद्वान नहीं होते हैं, वो लोग आईएएस-आईपीएस नहीं होते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मान्यता यह भी है कि लक्ष्मी, धन की देवी हैं। दीपावली आ रही हिंदू लोग लक्ष्मी की पूजा इसलिए करते हैं कि धन मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुसलमान लक्ष्मी की पूजा नहीं करते हैं, क्या मुसलमान अरबपति और खरबपति नहीं हैं।
मुसलमान बजरंगवली की पूजा नहीं करते तो क्या उनमें ताकत नहीं होती: भाजपा विधायक
बीजेपी विधायक यहीं पर नहीं रुके और कहा कि हिंदू धर्म में मान्यता यह भी है कि बजरंगवली शक्ति वाले देवता हैं, वो ताकत प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि क्रिश्चियन और मुसलमान लोग बजरंगवली की पूजा नहीं करते हैं तो क्या उनके पास ताकत नहीं है। उन्होंने कहा कि आप जब तक किसी चीज को मान रहे हैं, यह तभी तक है, जिस दिन मानना बंद कर देंगे तो सब खत्म है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे लोगों की सोच प्राकृतिक, वैज्ञानिक और सामाजिक होगी। वैसे-वैसे यह सब बीमारी खत्म हो जाएंगी।