बिहार में सोमवार रात मूर्ति विसर्जन के दौरान पुलिस की तरफ से लाठीचार्ज के बाद हुई फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत के बाद नीतीश सरकार विपक्ष के निशाने पर है। कांग्रेस ने एनडीए सरकार की आलोचना करते कई सवाल उठाए।
सुरजेवाला ने घटना से जुड़ा वीडियो ट्वीट कर पूछा कि क्या “दुर्गा पूजा” अब भाजपा राज में अपराध है? क्या भाजपा-जदयू सरकार अब दुर्गा माँ के भक्तों को जानवरों की तरह पिटेगी? क्या दुर्गा माँ के मूर्ति विसर्जन पर भाजपा-जदयू सरकार गोली मार हत्या कर देगी? सोशल मीडिया पर भी इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस मूर्ति विसर्जन करने जा रहे लोगों पर अंधाधुन लाठियां भांजती नजर आ रही है भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने भी इस घटना पर सवाल खड़े किए हैं।
कपिल मिश्रा ने भी ट्वीट कर कहा कि मुंगेर के बारे में कोई शब्द ही समझ नहीं आ रहा हम कितने कमजोर, निरीह, असहाय हो चुके है? मिश्रा ने आगे कहा कि माँ की मूर्ति लिए खड़े निहत्थे भक्तों को गोलियों से भून दिया गया। बिहार में पुलिस ही कसाब बन गयी। उन्होंने कहा कि ये महापाप हुआ है।
भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने भी कहा कि मुंगेर में दुर्गा विसर्जन में हुई बर्बरता का पूरा कृत्य अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जांच के बाद जो कोई भी इसमें शामिल है, चाहे वह कितना भी बड़ा अधिकारी क्यों न हो उनपर कार्रवाई हो।
क्या “दुर्गा पूजा” अब भाजपा राज में अपराध है?
क्या भाजपा-जदयू सरकार अब दुर्गा माँ के भक्तों को जानवरों की तरह पिटेगी?
क्या दुर्गा माँ के मूर्ति विसर्जन पर भाजपा-जदयू सरकार गोली मार हत्या कर देगी?
जी हाँ, ये तस्वीर मुंगेर, बिहार की हैं।
पहले लाठियों से पीटा, फिर पुलिस फ़ायरिंग! pic.twitter.com/bEEHqRmUkU— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala) October 27, 2020
घटना के बारे में मुंगेर की एसपी लिपि सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की। इस घटना में 20 पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ में से किसी ने फायरिंग की जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। एसपी सिंह ने कहा कि जिले में अब स्थिति नियंत्रण में है।
मालूम हो कि सोमवार रात मूर्ति विसर्जन के दौरान देर रात पुलिस और आम लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 6 से अधिक लोग घायल हो गए। फायरिंग में मरने वाले की पहचान 22 वर्षीय अनुराग कुमार के रूप में हुई। अनुराग कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहापट्टी का रहने वाला था।

