Ashok Choudhary JDU National General Secretary: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्री अशोक चौधरी का कद बड़ा दिया है। नीतीश कुमार ने उन्हें नई जिम्मेदारी देते हुए पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया है। पिछले दिनों विवादित ट्वीट को लेकर अशोक चौधरी सुर्खियों में रहे थे। अब नीतीश कुमार ने ही संगठन में उन्हें नई जिम्मेदारी दी है।

अभी हाल के दिनों में अशोक चौधरी ने नीतीश कुमार को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने इशारों में सोशल मीडिया पर सीएम नीतीश की बढ़ती उम्र पर निशाना साधा था। हालांकि, अब नीतीश कुमार, अशोक चौधरी पर मेहरबान हो गए हैं।

जेडीयू की तरफ से अशोक चौधरी की नियुक्ति को लेकर जानकारी साझा की गई है। जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी को तत्काल प्रभाव से जेडीयू का राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है।

अशोक चौधरी का विवादित बयान क्या था?

बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कविता लिखी थी- “बढ़ती उम्र में इन्हें छोड़ दीजिए।। एक दो बार समझाने से यदि कोई नहीं समझ रहा है तो सामने वाले को समझाना “छोड़ दीजिए”। बच्चे बड़े होने पर वो ख़ुद के निर्णय लेने लगे तो उनके पीछे लगना, छोड़ दीजिए।”

मंत्री अशोक चौधरी के इस पोस्ट से माना गया कि उन्होंने सीएम नीतीश की बढ़ती उम्र पर निशाना साधा। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने अशोक चौधरी के इस पोस्ट पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश को किसी के सुझाव की जरूरत नहीं है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हुई थी मुलाकात

विवाद के बाद मंत्री अशोक चौधरी की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात हुई थी। डेढ़ घंटे तक चली मुलाकात के बाद सीएम हाउस से निकलने के बाद अशोक चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ तस्वीर शेयर की थी। जिसमें अशोक चौधरी ने लिखा था, ‘कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना..’।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025

बिहार में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने की उम्मीद है। पिछले विधानसभा चुनाव अक्टूबर-नवंबर 2020 में हुए थे। चुनाव के बाद, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने राज्य में सरकार बनाई, जिसमें नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने। अगस्त 2022 में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जेडी(यू) ने एनडीए से नाता तोड़ लिया और आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन के साथ सरकार बना ली। हालांकि, जनवरी 2024 में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जेडी(यू) ने फिर से आरजेडी के नेतृत्व वाले महागठबंधन से नाता तोड़ लिया और फिर से बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के साथ सरकार बना ली।