बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 6 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग होगी। गया की बाराचट्टी विधानसभा सीट से केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) के अध्यक्ष जीतनराम मांझी की समधन ज्योति देवी प्रत्याशी हैं। ज्योति देवी वर्तमान में बाराचट्टी से विधायक भी हैं। चुनाव प्रचार के दौरान ही उनपर हमला हुआ है।
खतरे से बाहर है समधन की स्थिति
कुछ असामाजिक तत्वों ने ज्योति देवी पर पत्थर फेंके हैं, जिसमें से एक पत्थर उन्हें लग गया। इसके बाद तुरंत उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पर उनका प्राथमिक इलाज हुआ। हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। बाराचट्टी विधानसभा सीट पर दूसरे चरण यानी कि 11 नवंबर को वोटिंग होने वाली है।
मांझी ने परिवार में बांटे हैं तीन टिकट
हमले के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एनडीए में सीट बंटवारे के तहत जीतनराम मांझी की पार्टी को 6 सीट मिली है। इसमें से उन्होंने तीन टिकट अपने परिवार के लोगों में ही बांट दिए हैं। बहू दीपा कुमारी इमामगंज विधानसभा सीट से प्रत्याशी हैं। वह भी वर्तमान विधायक हैं। वहीं जमुई जिले की सिकंदरा विधानसभा सीट से जीतनराम मांझी ने अपने दामाद प्रफुल्ल कुमार मांझी को प्रत्याशी बनाया है।
अमित शाह का अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर पहला रिएक्शन, लालू को भी लपेटे में लिया
मोकामा में हुई थी हत्या
बता दें कि अभी 30 अक्टूबर को ही मोकामा में जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह के समर्थकों और जन सुराज के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। इसमें दुलारचंद यादव नाम के व्यक्ति की हत्या हो गई थी। इस मामले में अनंत सिंह गिरफ्तार भी हो गए हैं। इसके बाद से ही मोकामा सुर्खियों में छाया हुआ है।
दुलारचंद यादव आरजेडी से जुड़े हुए थे लेकिन इस चुनाव में वह जन सुराज के उम्मीदवार प्रियदर्शी का प्रचार कर रहे थे। यह हत्या मोकामा के टाल क्षेत्र में हुई। इसके बाद से बिहार चुनाव सुर्खियों में है और बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती भी हुई है।
