जेडीयू नेता नीतीश कुमार आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रिकॉर्ड दसवीं बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, कई राज्यों के मुख्यमंत्री सहित एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को सुबह 11:30 बजे पटना के गांधी मैदान में होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा शपथ ग्रहण समारोह से पहले बुधवार रात पटना पहुंचे। इससे पहले बुधवार को एनडीए के 202 विधायकों की बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से एनडीए का नेता चुना गया। सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को नीतीश समेत कुल 20 मंत्री शपथ लेंगे।
बिहार के लोगों ने डबल इंजन सरकार को जनादेश दिया- विजय सिन्हा
बिहार में NDA सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर भाजपा विधायक दल के उप नेता विजय सिन्हा ने कहा, “बिहार के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी-नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार को अपना जनादेश दिया है।”
प्रदेश के लिए शुभ संकेत- JDU नेता
बिहार में NDA सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर JDU नेता अशोक चौधरी ने कहा, “प्रदेश के लिए शुभ संकेत है। जिस व्यक्ति ने बिहार के नवनिर्माण में एक भूमिका का निर्वाहन किया है। जनता ने प्रचंड जनादेश देकर उनको 10वीं बार मुख्यमंत्री बनाने का काम किया है…”
Nitish Kumar Oath Ceremony LIVE: मंत्रिमंडल का भी शपथ ग्रहण होगा- बिहार भाजपा अध्यक्ष
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “आज नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने जा रहे हैं और मंत्रिमंडल का भी शपथ ग्रहण होगा। प्रधानमंत्री मोदी भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। आज का शपथ ग्रहण विकसित बिहार के सपने को पूरा करने के लिए है और प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी है कि बिहार विकास करेगा।”
गांधी मैदान के बाहर लगे नीतीश कुमार, नरेंद्र मोदी के पोस्टर्स
पटना के गांधी मैदान के बाहर नीतीश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री और लोजपा (आरवी) प्रमुख चिराग पासवान और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर लगाए गए। गांधी मैदान में आज बिहार में एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।
Nitish Kumar Oath Ceremony LIVE: क्या बोले छत्तीसगढ़ के सीएम?
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, “बिहार में ऐतिहासिक जीत NDA की हुई और आज नीतीश कुमार जी और उनके मंत्री परिषद का शपथ ग्रहण कार्यक्रम है। आज हम शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। जिस प्रकार से बिहार में NDA की ऐतिहासिक जीत हुई है, निश्चित रूप से उस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने का अवसर मिलेगा।”
Nitish Kumar Oath Ceremony LIVE: बिहार आने वाले समय में भारत का ग्रोथ इंजन बनेगा- गजेंद्र शेखावत
बिहार के CM के शपथ ग्रहण समारोह पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, “बिहार के लोगों को इस नई सरकार के बनने पर बधाई। मुझे विश्वास है कि बिहार आने वाले समय में विकसित हो रहे भारत का ग्रोथ इंजन बनेगा।”
Bihar Govt Formation LIVE: शपथ ग्रहण समारोह के लिए पहुंचे छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, “वे 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, यह ऐतिहासिक है। हम भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पटना जा रहे हैं।”
Bihar Govt Formation LIVE: बिहार ईसी वोट चुनाव
बिहार में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में विभिन्न दलों के विजयी उम्मीदवारों को 60 हजार से लेकर 1.5 लाख तक वोट मिले। निर्वाचन आयोग (EC) के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। ईसी ने ऐसे समय में यह जानकारी दी है जब आरोप लग रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न शीर्ष उम्मीदवारों को करीब 1.22 लाख वोट मिले।
Bihar Govt Formation LIVE: पटना पहुंचे अमित शाह और जेपी नड्डा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख नीतीश कुमार के रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले बुधवार रात पटना पहुंचे। शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार को शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने शहर के हवाई अड्डे पर शाह और नड्डा का स्वागत किया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह से पहले शाह और नड्डा जद(यू) और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।
