Bihar Government Formation News LIVE Updates: जेडीयू नेता नीतीश कुमार आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रिकॉर्ड दसवीं बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, कई राज्यों के मुख्यमंत्री सहित एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को सुबह 11:30 बजे पटना के गांधी मैदान में होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा शपथ ग्रहण समारोह से पहले बुधवार रात पटना पहुंचे। इससे पहले बुधवार को एनडीए के 202 विधायकों की बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से एनडीए का नेता चुना गया। सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को नीतीश समेत कुल 20 मंत्री शपथ लेंगे।

राजग के मुख्य घटक दलों भाजपा और जद(यू) को मंत्रिमंडल में जगह मिलने के अलावा गठबंधन के अन्य सहयोगियों के साथ भी संतुलन साधने के तहत प्रत्येक छह विधायकों पर एक मंत्री पद मिलने की संभावना है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) को एक-एक मंत्री पद मिलने की संभावना है। तीन मंत्री पद चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को मिल सकते हैं और शेष भाजपा और जद(यू) के बीच विभाजित होंगे। सूत्रों के अनुसार, भाजपा और जद(यू) के आठ-आठ विधायक आज शपथ लेंगे और आरएलएम, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) तथा चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) के एक-एक विधायक भी आज शपथ ले सकते हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं और कार्यक्रम में तीन लाख से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है। सूत्रों ने बताया कि नए मंत्रिमंडल का विस्तार अगले साल 14 जनवरी को मकर संक्रांति के बाद किया जाएगा। नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स के लिए पढ़ें jansatta. com का LIVE BLOG

Live Updates

नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए पढ़ें जनसत्ता.कॉम

09:37 (IST) 20 Nov 2025

Nitish Kumar Oath Ceremony LIVE: मंत्रिमंडल का भी शपथ ग्रहण होगा- बिहार भाजपा अध्यक्ष

बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "आज नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने जा रहे हैं और मंत्रिमंडल का भी शपथ ग्रहण होगा। प्रधानमंत्री मोदी भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। आज का शपथ ग्रहण विकसित बिहार के सपने को पूरा करने के लिए है और प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी है कि बिहार विकास करेगा।"

09:06 (IST) 20 Nov 2025

गांधी मैदान के बाहर लगे नीतीश कुमार, नरेंद्र मोदी के पोस्टर्स

पटना के गांधी मैदान के बाहर नीतीश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री और लोजपा (आरवी) प्रमुख चिराग पासवान और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर लगाए गए। गांधी मैदान में आज बिहार में एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा।

09:05 (IST) 20 Nov 2025

Nitish Kumar Oath Ceremony LIVE: क्या बोले छत्तीसगढ़ के सीएम?

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, "बिहार में ऐतिहासिक जीत NDA की हुई और आज नीतीश कुमार जी और उनके मंत्री परिषद का शपथ ग्रहण कार्यक्रम है। आज हम शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। जिस प्रकार से बिहार में NDA की ऐतिहासिक जीत हुई है, निश्चित रूप से उस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने का अवसर मिलेगा।"

08:25 (IST) 20 Nov 2025

Nitish Kumar Oath Ceremony LIVE: बिहार आने वाले समय में भारत का ग्रोथ इंजन बनेगा- गजेंद्र शेखावत

बिहार के CM के शपथ ग्रहण समारोह पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "बिहार के लोगों को इस नई सरकार के बनने पर बधाई। मुझे विश्वास है कि बिहार आने वाले समय में विकसित हो रहे भारत का ग्रोथ इंजन बनेगा।"

08:23 (IST) 20 Nov 2025

Bihar Govt Formation LIVE: शपथ ग्रहण समारोह के लिए पहुंचे छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, "वे 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, यह ऐतिहासिक है। हम भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पटना जा रहे हैं।"

08:13 (IST) 20 Nov 2025

Bihar Govt Formation LIVE: बिहार ईसी वोट चुनाव

बिहार में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में विभिन्न दलों के विजयी उम्मीदवारों को 60 हजार से लेकर 1.5 लाख तक वोट मिले। निर्वाचन आयोग (EC) के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। ईसी ने ऐसे समय में यह जानकारी दी है जब आरोप लग रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न शीर्ष उम्मीदवारों को करीब 1.22 लाख वोट मिले।

08:12 (IST) 20 Nov 2025

Bihar Govt Formation LIVE: पटना पहुंचे अमित शाह और जेपी नड्डा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख नीतीश कुमार के रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले बुधवार रात पटना पहुंचे। शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार को शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने शहर के हवाई अड्डे पर शाह और नड्डा का स्वागत किया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह से पहले शाह और नड्डा जद(यू) और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।

इससे पहले बुधवार को भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य ने सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता और विजय कुमार सिन्हा को फिर से उपनेता घोषित किया। संभावना है कि दोनों को उपमुख्यमंत्री के रूप में बरकरार रखा जा सकता है।