बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान के लिए जारी प्रचार में प्रमुख विपक्षी दल आरजेडी ने नीतीश सरकार पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने सोमवार को पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम नीतीश को निशाने पर लेते हुए शिक्षा-रोजगार और कोरोना जैसे मुद्दे पर कई सवाल पूछे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान आरजेडी का कैंपेन वीडियो भी लॉन्च किया।

कैंपेन वीडियो ‘तेजस्वी भवः बिहार’ नाम से जारी किया गया है। इसमें जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार की सरकार को फेल बताया गया है। वीडियो में बिहार की वर्तमान स्थिति दिखाने की कोशिश की गई है। कैंपेन वीडियो में लॉकडाउन के दौरान शहरों से गांव आए लोगों पर फोकस किया गया है और जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार पर निशना साधा गया है।

वीडियो में गाने के बोल हैं-
नवयुग में नवक्रांति की जलती मशाल है ये। दिल का है दिलवाला और हिम्मत विशाल विशाल है ये। है गरीब का संबल मजदूरों की ढाल है ये। भाई सखा बेटा सबका रखता ख्याल है ये। विजयी होगा बिहार और जनजन की होगी विजय। एक स्वर में हर घर-घर से लककार उठी है ये। इस बार तेजस्वी तय है, इस बार तेजस्वी तय है। हवा हवाई भाषण वालों को बिहार से भगाएंगे। सीधे-सच्चे, कर्मठ तेजस्वी को हम तो जिताएंगे। बिहार को जिसने निचले पायदान पर पहुंचाया। हम सब मिलकर उसको उसकी सही जगह दिखाएंगे।

वीडियो ट्वीट कर आरजेडी ने लिखा है कि ‘किसानों, व्यापारियों, मजदूरों और जरूरतमंदों की मुस्कान लौटाएंगे। युवाओं के लिए रोजगार लाएंगे। महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा, शिक्षकों का सम्मान सुनिश्चित करेंगे, हर बिहारवासी को बराबरी का हक़ दिलाएंगे। हमारा प्रण – एक सुखी, समृद्ध बिहार बनाएंगे। हैं तैयार! तेजस्वी भवः बिहार।’ आरजेडी ने एक अन्य ट्वीट के जरिए जेडीयू और भाजपा पर तंज भी कसा। इसमें कहा गया कि ना भूलेंगे, ना भूलने देंगे। जुमलेबाज़ों की एक नहीं चलने देंगे! अबकी बार चुपचाप लालटेन छाप!