बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के एक चुनावी ‘स्टंट’ से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की परेशानी बढ़ सकती है। तेजस्वी ने नीतीश से नाराजगी के चलते एनडीए गठबंधन से अलग चुनाव लड़ रहे एलजेपी अध्यक्ष चिराग पासवान के समर्थन में बयान दिया है। उन्होंने सोमवार (19 अक्टूबर, 2020) को कहा कि नीतीश कुमार ने चिराग पासवान के साथ जो किया वो अच्छा नहीं था। उन्होंने कहा, ‘चिराग पासवान को पहले से कहीं ज्यादा इस समय अपने पिता की जरुरत है मगर रामविलास पासवान हमारे बीच नहीं हैं। हम इससे बहुत दुखी हैं। नीतीश कुमार ने जिस तरह से बर्ताव किया है उससे चिराग के साथ अन्याय हुआ है।’
दरअसल पिछले दिनों चिराग पासवान ने कहा था कि जब वो अपने पिता रामविलास पासवान के शव के साथ पटना लौटे तो नीतीश कुमार ने उन्हें अनदेखा किया और अपमानित किया। उस पर आज तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार ने जो भी किया वह अन्याय था। अब चिराग के समर्थन में तेजस्वी की इस टिप्पणी को कई लोग चुनावी रणनीति के रूप में देख रहे हैं।
Bihar Election 2020 LIVE News Updates
इधर चिराग पासवान ने राघोपुर विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार खड़ा किया है। एनडीए गठबंधन में ये सीट भाजपा के खाते में आई है और तेजस्वी यादव भी इसी सीट चुनाव लड़ रहे हैं। कहा जा रहा है कि चिराग ने आरजेडी उम्मीदवार को लाभ पहुंचाने के लिए इस सीट उम्मीदवार खड़ा किया है। चिराग पासवान लगातार दोहराते रहे हैं कि उन्होंने जेडीयू से नाराजगी के चलते अलग चुनाव लड़ने का फैसला लिया और चुनाव बाद वो भाजपा के साथ ही सरकार बनाएंगे।
हालांकि इस पर एलजेपी नेताओं का तर्क है कि चुनाव में अपनी पसंद के अनुसार चिराग ने जेडीयू हो या हिंदुस्तान आवाम मोर्चा या VIP उन सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार दिए तब तो BJP ने कुछ भी नहीं कहा। माना जा रहा है कि चिराग के इस फैसले से राघोपुर में तेजस्वी की मुश्किलें आसान हो गई हैं।
इधर सोमवार को चुनाव प्रचार के दौरान चिराग पासवान ने सीएम नीतीश कुमार हमला जारी रखा। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल के कार्यकाल पर कुछ नहीं बोलना एक फरेब है। बिहार की जनता को जानबूझकर पिछले 5 साल के कार्यों को नहीं बताया जा रहा है। सिर्फ़ कुर्सी के खेल में पिछले 5 साल साहब ने बिहारियों के बर्बाद किए। चिराग ने कहा कि पिछले 5 साल में बिहार में अफसरों का राज रहा है। सात निश्चय में कोई भी निश्चय पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में हुए कार्यों का ब्योरा दें नीतीश कुमार।
