बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने 49 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस की यह दूसरी लिस्ट है। दूसरे और तीसरे चरण के लिए कांग्रेस ने जिन उम्मीदवारों के नाम जारी किए हैं उनमें कई अहम नेताओं के नाम शामिल हैं। वाल्मिकी नगर लोकसभा उप चुनाव के लिए प्रवेश कुमार मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है।
वहीं, राजेश सिंह को वाल्मिकी नगर से टिकट मिला है, राजेश राम को रामनगर से कांग्रेस ने मैदान में उतारा है। वहीं, रक्सौल से रामबाबू यादव कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। बेतिया से मदन मोहन तिवारी, पूर्णिया से इंदू सिन्हा, कोहरा से पूनम पासवान को टिकट दिया गया है।
Congress announces 49 candidates for Bihar Assembly elections. @IndianExpress #BiharElections #BiharAssemblyElection2020 pic.twitter.com/A9kYi8dfOf
— Manoj C G (@manojcg4u) October 15, 2020
कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची में कुल 49 नाम शामिल हैं। इस तरह पार्टी ने राजद और वाम दलों के साथ गठबंधन के तहत अपने हिस्से में आई कुल 70 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिया है।
कांग्रेस ने कुछ दिनों पहले 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। पार्टी उम्मीदवारों की आखिरी सूची में जाने-माने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा के पुत्र लव सिन्हा और लोकतांत्रिक जनता दल के नेता शरद यादव की पुत्री सुभाषिनी के नाम भी शामिल हैं। लव को बांकीपुर और सुभाषिनी को बिहारीगंज से टिकट मिला है।
इस चुनाव में राजद और वाम दलों के साथ तालमेल कर कांग्रेस 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। राजद 144 और वाम दल 29 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए तीन चरणों में 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 10 नवंबर को होगी।