बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए के सहयोगी दल भाजपा ने अपने 35 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। तीसरे चरण के लिए जारी इस सूची में 6 महिलाओं को भी टिकट दिया है।

इनमें रामनगर सुरक्षित सीट से भागीरथी देवी, नरकटियागंज से रश्मि वर्मा, परिहार से गायत्री देवी, किशनगंज से स्वीटी सिंह, प्राणपुर से निशा सिंह और कोढ़ा सुरक्षित सीट से कविता पासवान को उम्मीदवार बनाया गया है। भागीरथी देवी रामनगर से मौजूदा विधायक हैं। पार्टी ने लौरिया से मौजूदा विधायक व भोजपुरी गीतकार विनय बिहारी को फिर से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, बगहा से राम सिंह को उम्मीदवार बनाया है। राम सिंह जिला पार्टी इकाई के अध्यक्ष हैं।

नरकटियागंज से पार्टी ने रश्मि वर्मा को उम्मीदवार बनाया है। रश्मि 2014 में भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ी थीं, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वह 2014 में रातोंरात जदयू छोड़ भाजपा में शामिल हुईं थी। इसके बाद वह 9 महीने विधायक भी रहीं। शिकारपुर स्टेट से ताल्लुक रखने वाली रश्मि वर्मा नगर पंचायत की सभापति भी रह चुकी हैं।

पार्टी ने इस बार रक्सौल से जदयू के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। इसके लिए पार्टी ने मौजूदा विधायक डॉ. अजय सिंह का टिकट काट दिया है। पार्टी के इस फैसले से विधायक के समर्थकों में आक्रोश है। पार्टी ने मोतिहारी से चार बार विधायक रहे  पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार को फिर टिकट दिया है। प्रमोद कुमार को तीन साल पहले मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।

मालूम हो कि बिहार में तीन चरणों में 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को मतदान होंगे। वहीं 10 नवंबर को मतगणना होगी। पहले चरण के तहत 28 अक्टूबर को राज्य के 71 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा जबकि तीन नवंबर को दूसरे चरण का मतदान 94 सीटों पर होगा। सात नवंबर को तीसरे चरण का मतदान 78 विधानसभा सीटों पर होगा।