बिहार के उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने प्रियंका गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘‘एक दागी जीवनसाथी वाली महिला को राजनीति में लाकर कांग्रेस है तो उन्हें मुबारकबाद।’’ वहीं, एक ट्वीट में बीजेपी के इस वरिष्ठ नेता ने प्रियंका गांधी को उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जैसा बताते हुए भी तंज कसा।
राजनीति में डुप्लीकेट नहीं टिकते : सुशील मोदी ने लिखा, ‘‘कोई व्यक्ति किसी की तरह दिखने भर से उसके जैसा नहीं हो सकता। हम विराट कोहली और अमिताभ बच्चन जैसे दिखने वाले काफी लोगों को जानते हैं। राजनीति में डुप्लीकेट नहीं टिकते। प्रियंका इंदिरा जैसी दिखती जरूर हैं, लेकिन उनमें काफी अंतर है।’’
फिरोज गांधी से की वाड्रा की तुलना : उन्होंने प्रियंका गांधी के पति और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा की तुलना इंदिरा गांधी के पति फिरोज गांधी से की। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फिरोज गांधी अच्छे वक्ता और ईमानदार सांसद थे, जो अपने ताकतवर ससुर जवाहर लाल नेहरू के खिलाफ बोलने की भी हिम्मत रखते थे। मोदी बोले, ‘‘प्रियंका के बिजनेसमैन पति पर 2 राज्यों में अनियमित तरीके से भूमि अधिग्रहण करने का आरोप है और उनके खिलाफ जांच चल रही है। अगर कांग्रेस दागी जीवनसाथी वाली महिला को राजनीति में लाकर खुश है तो उन्हें यह खुशी मुबारक।’’
यूपी पूर्व की महासचिव बनी हैं प्रियंका : बता दें कि प्रियंका गांधी ने आधिकारिक रूप से 23 जनवरी को राजनीति में कदम रखा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें यूपी पूर्व का पार्टी महासचिव बनाया है। सुशील मोदी ने कहा कि प्रियंका की नियुक्ति से रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार के मामले सामने आएंगे। इससे एनडीए को फायदा ही होगा।
सपा-बसपा को डराने के लिए लॉन्च हुईं प्रियंका : सुशील मोदी ने कहा, ‘‘बीजेपी को किसी बात की चिंता इसलिए नहीं है, क्योंकि प्रियंका के आने से हमें ही मदद मिलेगी। सपा-बसपा गठबंधन को डराने के लिए कांग्रेस प्रियंका को लाई है, जिससे उनके वोट खींच सके। कांग्रेस के इस कदम से अखिलेश यादव और मायावती को अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करना होगा।’’
