बिहार के बक्सर में बैंक जा रही एक महिला के साथ गैंगरेप करने के बाद उसे बांध कर नदी में फेंकने का मामला सामने आया है। महिला के साथ उसका पांच साल का बच्चा भी था। नहर में फेंकने के बाद बच्चे की मौत हो गई।
घटना के संबंध में पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना मुरार थाने के ओझा बराव गांव की है। यहां बैंक जा रही एक महिला को कुछ लोगों ने उसके 5 वर्षीय बच्चे के साथ अगवा कर लिया। इसके बाद उन्हें सुनसान स्थान पर ले जाकर महिला के साथ गैंगरेप की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने इसके बाद दरिंदगी की हद पार करते हुए महिला को उसके बच्चे के साथ बांध कर नहर में फेंक दिया।
घटना के बारे में पीड़ित महिला के पिता का कहना है कि उनकी बेटी सुबह अपने बच्चे के साथ बैंक के लिए निकली थी। अचानक सुबह 11 बजे के बाद से उसका फोन बंद आने लगा। पिता ने बताया कि सुबह उनकी बेटी और उसका बच्चा नहर में बंधे हुए मिले। महिला और उसके बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
महिला की तो जान बच गई लेकिन बच्चे की मौत हो चुकी थी। पिता ने कहा कि उनकी बेटी के अनुसार बैंक जाने के क्रम में कुछ लोगों ने पहले उन्हें घेर लिया। इसके बाद अगवा कर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। फिर महिला को बच्चे के साथ बांध कर नहर में फेंक दिया। पिता का कहना है कि इन दोनों के की चिल्लाने की आवाज सुनकर कुछ लोग उन्हें बचाने के लिए नहर में कूद पड़े।
महिला और उसके बच्चे को बाहर निकाला गया। उस बच्चे की मौत हो चुकी थी। महिला का अभी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। डुमराव डीएसपी केके सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है, जिसमें महिला ने 2 लोगों को नामजद करते हुए दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस संबंध में एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।

