Bihar News: बिहार में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया। जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न से नवाजे जाने की मांग की थी। इसको लेकर अब राष्ट्रीय जनता दल यानी आरजेडी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा है और कहा कि नीतीश कुमार तो खुद एक रत्न हैं।
राष्ट्रीय जनता दल के सांसद सुधाकर सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रत्न तो हैं। इसमें कोई भी शक नहीं है। अब कौन सा रत्न उनको मिलना चाहिए ये तो हम नहीं बता सकते। आखिर एक बीमार आदमी बिहार के 20 साल से मुख्यमंत्री हैं, तो वो रत्न लायक तो है हीं। अब उनको कौन- सा रत्न मिलेगा इस बात की जानकारी मुझे नहीं है।
जीतन राम मांझी और चिराग पासवान ने भी किया समर्थन
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और चिराग पासवान ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग का समर्थन किया था। जीतन राम मांझी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा था, “भारत रत्न नीतीश कुमार जी… ये शब्द सुनने में कितना अच्छा लगेगा ना। हमें पूर्ण विश्वास है कि अपने फैसले से सबको चौंका देने वाले माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न से नवाजे जाने का फैसला कर एक बार फिर से सबको चौकाएंगें।” पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
वहीं चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत में कहा, “पिछले दो दशकों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को अनुकरणीय नेतृत्व प्रदान किया है। उन्होंने कई सराहनीय कार्य किए हैं। किसी व्यक्ति को भारत रत्न दिया जा सकता है या नहीं, यह तय करने में कई चरण शामिल होते हैं। मेरा मानना है कि वे भारत रत्न के पात्र हैं।” इससे पहले, जेडीयू नेता केसी त्यागी ने भी बिहार के मुख्यमंत्री को उनके जिंदा रहते हुए भारत रत्न देने की मांग की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिवंगत चौधरी चरण सिंह और दिवंगत कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया था। हम इसके लिए उनके आभारी हैं। नीतीश कुमार समाजवादी आंदोलन से जुड़े सबसे प्रतिभाशाली नेताओं में से एक हैं जो अभी जीवित हैं। वे एनडीए के संस्थापकों में से एक हैं। वे ‘सुशासन बाबू’ हैं।
जेडीयू के पूर्व सांसद ने गुरुवार को प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में यह भी कहा कि नीतीश समाजवादी आंदोलन के अनमोल रत्न हैं, सर्वोच्च नागरिक सम्मान के पात्र हैं। त्यागी ने कहा, “30 मार्च, 2024 का दिन हमारे पूर्वजों को सम्मान देने का दिन था। आपके प्रयासों के बदौलत ही उन्हें सर्वोच्च सम्मान, ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया।”
ये भी पढ़ें: क्या केसी त्यागी की जेडीयू से छुट्टी हो गई?
