बिहार के सारण जिला मुख्यालय में एक व्यवहार अदालत परिसर में सोमवार (18 अप्रैल) सुबह एक महिला बम ले कर आई और दुर्घटनावश उसमें विस्फोट हो जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार राज ने बताया कि खुशबू कुमारी नामक महिला एक मामले में शिकायतकर्ता को निशाना बनाने के इरादे से अदालत परिसर में कथित तौर पर बम ले कर आई थी। दुर्घटनावश यह बम फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
राज ने बताया कि महिला को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) ले जाया गया। विस्फोट में एक अवयस्क सहित दो महिलाएं और घायल हुई हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि खुशबू कुमारी दो अन्य मामलों में आरोपी है और फिलहाल जमानत पर है। वह एक मामले के गवाह शशि भूषण तथा अन्य गवाहों को निशाना बनाने के इरादे से अदालत परिसर में बम ले कर आई थी। उन्होंने बताया कि शशि भूषण पूर्व सासंद दिवंगत उमाशंकर सिंह के छपरा स्थित आवास पर वर्ष 2011 में हुई तीन लोगों की हत्या के मामले में शिकायतकर्ता हैं।