Bihar CBI Raid News: बिहार में बुधवार, 24 अगस्त को विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होने से पहले पटना में केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई की छापेमारी की खबर सामने आई है। बता दें कि जॉब के बदले जमीन मामले में RJD के कोषाध्यक्ष और MLC सुनील सिंह, पूर्व MLC सुबोध राय, राज्यसभा सांसद फैयाज अहमद और राज्यसभा सांसद अशफाक करीम के घर CBI की टीमें मौजूद हैं।

राजद एमएलसी और बिस्कोमान पटना के अध्यक्ष सुनील सिंह ने अपने आवास पर सीबीआई छापे पर कहा, “यह सब जान बूझकर किया जा रहा है। इसका कोई मतलब नहीं है। वे यह सोचकर ऐसा कर रहे हैं कि डर कर विधायक उनके पक्ष में आएंगे।”

मनोज झा क्या बोले:

बिहार में चल रही रेड पर RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि आज बिहार विधानसभा में फ्लोर टेस्ट है और इन्होंने (BJP) डराने के लिए आज का दिन चुना है, आप राजनीतिक रूप से लड़ाई नहीं लड़ सकते हैं। आप इन्हें ED, CBI की नहीं आप इन्हें भाजपा की रेड कहिए। ये संगठन भाजपा के लिए काम करती है।

उन्होंने कहा, “कल ही हमारे उप मुख्यमंत्री ने यह कहा था ये लोग (BJP) इस स्तर पर जाएंगे। एक दिन वो भी आएगा जब आप नहीं होंगे और आप भी इसी ज़द में आएंगे। दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र और फिर बिहार आपके पास स्क्रिप्ट वही है। हम बिहारी है टिकाऊ हैं… बिकाऊ नहीं हैं।”

वहीं CBI छापेमारी पर RJD MLA सुदेय यादव ने कहा कि हम इससे डरने वाले नहीं है। बिहार में जो राजनीति घटनाक्रम बदला है उसको प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है। हमारे विधायक सुई की नोक बराबर तक डरने वाले नहीं है। हम (सदन में फ्लोर टेस्ट) जीतेंगे। 164 जगह भी छापेमारी हो तो भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

झारखंड में ED एक्टिव:

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक अवैध खनन और जबरन वसूली के संबंध में चल रही जांच में रांची (झारखंड) और बिहार में कई स्थानों पर एक केंद्रीय एजेंसी द्वारा नए सिरे से छापेमारी की जा रही है। इनमें झारखंड के CM हेमंत सोरेन के करीबी रहे प्रेम प्रकाश के ठिकानों पर छापेमारी जारी है। इसमें पंकज मिश्रा (सीएम हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि) व अन्य से पूछताछ के बाद नए सिरे से छापेमारी की जा रही है।

दरअसल 24 अगस्त को बिहार की नई नीतीश कुमार- तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाली सरकार को बिहार विधानसभा में विश्वास मत का सामना करना है। इस बीच केंद्रीय जांच एजेंसी की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई।