बिहार विधानसभा चुनाव के संबंध में न्यूज18 इंडिया के पत्रकार प्रतीक त्रिवेदी ने पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा का साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार में पत्रकार त्रिवेदी ने सिन्हा से तमाम मुद्दों पर सवाल पूछे। उन्होंने बिहार में महागठबंधन की संभावना पर सवाल पूछे और एनडीए छोड़कर अलग चुनाव लड़ रहे एलजेपी प्रमुख चिराग पासवान की राजनीति स्थिति पर भी सवाल पूछा।
पत्रकार प्रतीक त्रिवेदी ने सवालिया अंदाज में पूछा कि लोगों का मानना है कि चुनाव के बाद की स्थिति कैसी रहेंगी ये बहुत महत्वपूर्ण होने जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेता से पूछा कि क्या महागठबंधन या एनडीए में से कोई दल इधर-उधर जाएगा? सिन्हा ने कहा कि उन्हें ऐसा नहीं लगता, क्योंकि राजनीतिक दल तैयारी कर मैदान में उतरे हैं। बकौल सिन्हा इस बार महागठबंधन महाविजयी होगा।
पूछने पर कि चिराग पासवान की स्थित पर वो क्या प्रतिक्रिया देंगे। चूंकि कुछ लोगों का मानना है कि वो भाजपा के साथ जबकि कुछ लोग कह रहे हैं कि वो कांग्रेस के साथ हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘ये मिस्ट्री तो मैं भी हल नहीं कर पाया हूं अभी तक। ये पेचीदा मामला तो जरूर है।’
सिन्हा ने हालांकि चिराग की तारीफ की और उन्हें नेक इंसान बताया। उन्होंने कहा कि राजनीति में उनकी अच्छी ग्रोथ हुई है। तहजीब, तमीज और भाषा पर उनकी पकड़ है। चिराग जो कुछ हासिल किया है वो तारीफ के काबिल है। मैं उन्हें शुरू से देखता आ रहा हूं।
#भैयाजी_कहिन
महागठबंधन की होगी 'महा विजय,'चिराग़ की मिस्ट्री समझ से परे: शत्रुघ्न सिन्हा #BiharElections #BiharElection2020 @prateektv pic.twitter.com/Gtd8BXfFlS— News18 India (@News18India) November 2, 2020
बकौल शत्रुघ्न दिवंगत रामविलास पासवान उनकी खूब तारीफ करते थे। हम जब संसद मिलते थे तब भी बात करते थे कि चिराग की राजनीतिक ट्रेनिंग बहुत गजब की हो रही है। शत्रुघ्न ने आगे कहा कि हालांकि उन्हें नहीं लगता कि चुनाव बाद चिराग महागठबंधन का हिस्सा बनेंगे।
साक्षात्कार में सिन्हा ने कांग्रेस की तारीफ करते हुए एक शेर भी पढ़ा। उन्होंने कहा कि बहुत मशहूर चीनी कहावत है कि हजारों मील लंबी यात्रा की शुरुआत पहले उठे हुए कदम से होती है। अगर कांग्रेस बिहार में सहयोगी पार्टी के दल के रूप में भी उभरती है तो पार्टी के लिए ये एक अच्छी पहल होगी। कांग्रेस के लिए बिहार में ये दोबारा शुरुआत होगी।
शत्रुघ्न ने तेजस्वी यादव के शिक्षा पर पूछने पर कहा कि आरजेडी नेता और पीएम मोदी की क्वालिफिकेशन एक जैसी है। उन्होंने कहा कि चुनाव की घड़ी में सभी बातें सच-सच कहनी होंगी। तेजस्वी के परिवार को बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार महागठबंधन महा विजयी होगा।
उल्लेखनीय है कि बिहार विभानसभा के लिए पहले चरण में 28 अक्टूबर को 16 जिलों की 71 सीटों पर मतदान हो चुका है। अब दूसरे चरण में तीन नवंबर को 17 जिलों की 94 सीटों पर मतदान होगा। आखिर में तीन नंवबर को 15 जिलों की 78 सीटों के लिए मतदान होगा। दस नवंबर को मतों की गिनती होगी।