कांग्रेस नेता परगट सिंह ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर सबूत के साथ हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार ने 60 दिन में 38 करोड़ रुपए विज्ञापन पर खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि आप पार्टी पंजाब के करदाताओं के पैसे का इस्तेमाल पंजाब के बाहर के राज्यों में चुनावी लाभ के लिए कर रही है। यह पंजाब और उसके लोगों के साथ विश्वासघात है।
वहीं पिछले दिनों विपक्षी दलों ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा था। कहा था कि राज्य का खजाना भरने के दावे करके सत्ता में आई AAP खुद ही इसे खाली करने में जुटी है। पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, कांग्रेस MLA सुखपाल खैहरा और भाजपा नेता मनजिंदर सिरसा ने इसको लेकर CM भगवंत मान पर सवाल खड़े किए थे।
कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा ने RTI इन्फॉर्मेशन की कॉपी ट्वीट की थी। उन्होंने कहा था कि सिर्फ अप्रैल महीने में पब्लिसिटी पर 24 करोड़ खर्च कर दिए। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान बताएं कि इस तरह से उन्होंने पंजाब का खजाना भरने का वादा किया था।
खैहरा ने कहा था कि वन MLA, वन पेंशन से सरकार एक साल में सिर्फ 8 करोड़ बचाएगी और यहां एक महीने में इतना खर्च कर दिया। खैहरा ने कहा कि केजरीवाल और भगवंत मान सेल्फ प्रमोशन के लिए लोगों के पैसे का दुरुपयोग कर रहे हैं।
वहीं भाजपा नेता मनजिंदर सिरसा ने कहा था कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पिछले 3 महीने में 9 हजार करोड़ का कर्जा लिया। केवल अप्रैल महीने में सरकार की पब्लिसिटी और विज्ञापनों पर 24.40 करोड़ खर्च कर दिए।
पंजाब की किसी महिला को अभी तक 1 हजार रुपए महीना नहीं दिया। बिजली-पानी पर कोई सब्सिडी नहीं दी गई। सिरसा ने कहा कि CM भगवंत मान जवाब दें कि जब कोई काम नहीं किया तो प्रचार किस बात का? यह इंकलाब नहीं, केजरीवाल का दिल्ली मॉडल है।