बदायूं हत्याकांड में दो दिनों से फरार चल रहे आरोपी जावेद को बरेली से गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद जावेद अपना मोबाइल बंद कर दिल्ली भाग गया था। बताया जा रहा है कि जावेद दिल्ली से वापस बरेली लौटा और सरेंडर करने की फिराक में था। उसे बरेली के सैटेलाइट इलाके से बरेली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदायूं पुलिस ने इस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
फिलहाल जावेद को बरेली पुलिस ने बदायूं पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने जब जावेद को बस स्टैंड से गिरफ्तार किया उस समय कुछ लोगों ने उसका वीडियो भी बना लिया।इससे पहले पीड़ित मां ने पुलिस से जावेद का एनकाउंटर ना करने की मांग की थी। उनका कहना था कि जावेद की गिरफ्तारी से ही इस बात का खुलासा हो सकेगा कि आखिर साजिद के साथ मिलकर उसने दोनों बच्चों की हत्या क्यों की थी। बता दें कि इस हत्याकांड में शामिल जावेद के भाई साजिद का पुलिस ने घटना के कुछ समय बाद ही उस समय एनकाउंटर कर दिया जब वह पुलिस की गिरफ्त से भाग रहा था।
बदायूं के एसएसपी आलोक प्रियदर्शी के मुताबिक जावेद की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें गठित की गई थीं। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक आयुष के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए 14 घाव पाए गए हैं, जो हमारे द्वारा बरामद किए गए धारदार हथियार से मेल खाते हैं। आहान पर दो घाव हैं। इनमें से एक गहरा घाव गर्दन पर मिला है।
गिरफ्तारी से पहले जावेद का जो वीडियो सामने आया है उसमें उनसे बताया है कि घटना के बाद उसके पास कई लोगों के फोन आए और बताया कि साजिद ने क्या किया है। मैं बदायूं आया था लेकिन वहां बहुत भीड़ थी। इसके बाद में दिल्ली भाग गया। अब मैं सरेंडर करने के लिए आया हूं।
