Jharkhand Babulal Marandi: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। जिससे सदन में अगले नेता प्रतिपक्ष के तौर पर उनके चुने जाने का रास्ता साफ हो गया। गुरुवार को रांची के हरमू रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षकों भूपेंद्र यादव और के. लक्ष्मण की मौजूदगी में हुई विधायकों की बैठक में उनके नाम पर सर्वसम्मति बनी। इसके बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बाबूलाल मरांडी को दी बधाई।
भाजपा की “एक व्यक्ति, एक पद” की नीति को देखते हुए झारखंड भाजपा प्रमुख के तौर पर मरांडी के उत्तराधिकारी को लेकर अटकलें तेज हैं। झारखंड के पहले मुख्यमंत्री मरांडी ने कहा कि वे राज्य के “गरीबों, दलितों, आदिवासियों और युवाओं की आवाज़ उठाएंगे।” मरांडी ने कहा कि झारखंड की आबादी में 41% गरीब हैं। यह देश भर में सबसे गरीब आबादी है। हम गरीबों, दलितों और आदिवासियों, युवाओं की आवाज़ बनेंगे। हम पूरे झारखंड की आवाज़ बनेंगे।
अपनी नियुक्ति में देरी पर मरांडी ने कहा कि इन चीजों में समय लगता है, कोई और कारण नहीं है। मरांडी ने 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में धनवार निर्वाचन क्षेत्र से 35,000 से अधिक मतों से जीत हासिल की थी।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, कोडरमा के पूर्व सांसद डॉ. रवींद्र कुमार रे और डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी को मरांडी के उत्तराधिकारी के रूप में राज्य भाजपा प्रमुख के रूप में सबसे आगे देखा जा रहा है। एक सूत्र ने कहा कि एक संगठनात्मक व्यक्ति पर जोर दिया जाएगा… राज्य में पार्टी का एकमात्र उद्देश्य अब आदिवासी आबादी के बीच स्वीकार्यता बढ़ाना सुनिश्चित करना है।
बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने पर सीएम हेमंत सोरेन ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हमें खुशी है कि सदन में विपक्ष के नेता कल (शुक्रवार) से आएंगे। सदन के लिए विपक्ष का नेता चुना जाना काफी गौरव की बात है। बता दें कि बाबूलाल मरांडी को झारखंड विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पिछले साढ़े तीन महीनों से चला आ रहा सस्पेंस खत्म हो गया है।
यह भी पढ़ें-