गुजरात एटीएस, फरीदाबाद एसटीएफ और आईबी की संयुक्त टीम ने हरियाणा के फरीदाबाद से एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया व्यक्ति उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की मां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके बेटे को फंसाया जा रहा है, उसपर जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, वो गलत हैं।
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति पर लगाए गए आतंकी होने के आरोपों पर उसकी मां ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मेरा बच्चा कुछ भी नहीं है। उसको फंसाया जा रहा है, उसने कभी ऐसा काम नहीं कहा। ये सब झूठ है। हमें इस बारे में कुछ पता नहीं है। उसने कभी इस बारे में जिक्र भी नहीं किया। वह सिर्फ बैट्री रिक्शा चलाता था। वह फरवरी महीने में चार महीने की लिए दिल्ली गया था।”
उन्होंने बताया कि पुलिस जब घर आई तो कुछ नहीं कहा और उनके पति को अपने साथ ले गए। महिला ने कहा, “मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि प्लीज मेरे बच्चे को मेरे पास वापस भेज दीजिए। उसने कुछ नहीं किया है। उसे झूठा फंसाया जा रहा है। वह बीमार था और उसके दिल में छेद था। चंदे से पैसे इकट्ठा करके उसका ऑपरेशन भी हुआ था। हमारा सिर्फ एक बेटा और तीन बेटियां हैं। हमारे पास और कोई नहीं है।”
क्या है मामला?
हरियाणा के फरीदाबाद से गुजरात एटीएस और फरीदाबाद एसटीएफ ने अयोध्या के एक युवक को गिरफ्तार किया था। इस युवक के पास से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस व्यक्ति से पूछताछ के दौरान पता चला कि यह व्यक्ति अयोध्या के राम मंदिर की कई बार रेकी कर चुका है। शख्स ने एजेंसियों को बताया कि हेैंडलर के निर्देश पर वो ट्रेन के जरिए अयोध्या से फरीदाबाद आया था, वहां उसे हैंड ग्रेनेड दिए गए और वो पास जाने की तैयारी कर रहा था। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि गिरफ्तार किए गए युवक का प्लान अयोध्या में धमाका करने का था। एजेंसियों का मानना है कि इस मॉड्यूल में कई और लोग गिरफ्तार हो सकते हैं।