उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में दिवाली इस बार कुछ खास होने वाली है। पीएम मोदी पहली बार दीपोत्सव में शामिल होने अयोध्या पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री ने रविवार (23 अक्टूबर, 2022) को अयोध्या में भगवान रामलला के दर्शन और पूजा-अर्चना की। जिसके बाद वह अयोध्या में सरयू घाट पर संध्या आरती में भाग लेने पहुंचे और दीपोत्सव समारोह की शुरुआत की।

दीपोत्सव की शुरुआत पर पीएम मोदी ने कहा, “मध्यकाल और आधुनिककाल तक भारत ने कितने अंधकार भरे युगों का सामना किया है। जिन झंझावातों में बड़ी-बड़ी सभ्यताओं के सूर्य अस्त हो गए, उनमें हमारे दीपक जलते रहे, प्रकाश देते रहे और फिर उन तूफानों को शांत कर उद्दीप्त हो उठे।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र स्थल का निरीक्षण किया। जिसके बाद उन्होंने प्रतीकात्मक भगवान श्री राम का राज्याभिषेक किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री रामलला के दर्शन और उसके बाद राजा राम का अभिषेक यह सौभाग्य राम जी की कृपा से ही मिलता है। उन्होंने कहा, “आजादी के अमृतकाल में भगवान राम जैसी संकल्प शक्ति, देश को नई ऊंचाई पर ले जाएगी। भगवान राम ने अपने वचन में, अपने विचारों में, अपने शासन में, अपने प्रशासन में जिन मूल्यों को गढ़ा,वो सबका साथ-सबका विकास की प्रेरणा हैं और सबका विश्वास-सबका प्रयास का आधार हैं।”

पंच प्राणों को आत्मसात करने का आह्वान: पीएम मोदी ने कहा, “लाल किले से मैंने सभी देशवासियों से पंच प्राणों को आत्मसात करने का आह्वान किया है। इन पंच प्राणों की ऊर्जा जिस एक तत्व से जुड़ी हुई है, वो है भारत के नागरिकों का कर्तव्य। आज अयोध्या नगरी में दीपोत्सव के इस पावन अवसर पर हमें अपने इस संकल्प को दोहराना है।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भगवान राम मर्यादापुरुषोत्तम कहे जाते हैं। मर्यादा मान रखना भी सिखाती है और मान देना भी सिखाती है और मर्यादा जिस बोध की आग्रही होती है, वो बोध कर्तव्य ही है।

  1. पीएम मोदी की मौजूदगी में यहां दिवाली समारोह होगा, जिसमें आतिशबाजी, एक लेजर शो और रामलीला का मंचन किया जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि पीएम मोदी सरयू के तट पर राम की पैड़ी में एक भव्य संगीतमय लेजर शो के साथ एक 3-डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन मैपिंग शो भी देखेंगे। यह दीपोत्सव का छठा संस्करण होगा।
  2. सरयू तय के पास राम की पैड़ी में 22,000 से अधिक वॉलंटियर 15 लाख से अधिक मिट्टी के दीये जलाएंगे। बाकी दीयों को महत्वपूर्ण स्थानों पर सजाया जाएगा। सरकार ने उत्सव के दौरान गाय के गोबर से बने लगभग 1.25 लाख दीये जलाने का भी फैसला किया है। प्रधानमंत्री अयोध्या में भगवान रामलला विराजमान के दर्शन भी करेंगे।
  3. गाय के गोबर आधारित उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने लोगों से घरों में दिवाली पर गाय के गोबर से बने कम से कम नौ दीये जलाने का भी आग्रह किया है।
  4. दीपोत्सव के आयोजकों ने पीटीआई को बताया कि सभी वॉलंटियर्स को एक वर्ग में 256 मिट्टी के दीये लगाने और प्रत्येक वर्ग के बीच लगभग दो से तीन फीट की दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
  5. रूस और अन्य देशों की सांस्कृतिक मंडली द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। राम कथा पार्क में, भगवान राम, देवी सीता, भगवान लक्ष्मण और भगवान हनुमान को एक ‘पुष्पक विमान’ से उतरते हुए दिखाया जाएगा।
  6. इस दौरान एक लेजर शो, 3 डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो और आतिशबाजी की जाएगी एवं सरयू नदी की आरती भी की जाएगी।
  7. 23 अक्टूबर को दीपोत्सव में भाग लेने वाले 21,000 से अधिक वॉलंटियर्स के लिए सोमवार को अयोध्या में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें उन्हें अपने आई कार्ड की तस्वीरें कहीं भी शेयर करने से मना किया गय था। घाटों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से सुरक्षा एजेंसियां ​​नजर रखेंगी।
  8. इस मौके पर अयोध्या को यूपी की राजधानी से जोड़ने वाले लखनऊ-गोरखपुर हाईवे को भी सजाया जा रहा है।
  9. अयोध्या नगर निगम शहर भर में सार्वजनिक स्थानों पर दीवारों की सफाई और सजावट कर रहा है। इसके अलावा, मंदिरों मंठों को भी सजाया जा रहा है।
  10. इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न राज्यों के 900 से अधिक कलाकार प्रस्तुति देंगे।