Ayodhya Diwali Celebration 2019: अयोध्या में शनिवार को हनुमान जयंती और छोटी दिवाली पर दीपोत्सव का कार्यक्रम होगा। इस मौके पर शाम सात बजे से आधे घंटे तक सभी घाटों और अन्य स्थानों पर पांच लाख 51 हजार दीप जलाए जाएंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, फिजी गणराज्य की उपसभापति एवं सांसद वीना भटनागर, केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री तथा अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे। इस मौके पर 226 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा।
सुबह से शाम तक चलेगा कार्यक्रम : सरकार की ओर से बताया गया है कि शनिवार को सुबह दस बजे से दो बजे तक भगवान श्रीराम के लीला चरित्र से जुड़ी विभिन्न झांकियों समेत भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा साकेत महाविद्यालय से शुरू होकर रामकथा पार्क में समाप्त होगी। इसमें कई देशों के कलाकार भाग लेंगे। मुख्यमंत्री पौने चार बजे से चार बजे तक शोभा यात्रा का अवलोकन करेंगे। इसके बाद श्री राम-सीता का राम कथा पार्क में हेलीकॉप्टर से उतरने एवं भरत मिलाप का कार्यक्रम होगा। सवा चार बजे से चार बजकर 40 मिनट तक राम कथा पार्क आगमन पर श्रीराम-जानकी का पूजन-वंदन, आरती और श्रीराम का राज्याभिषेक होगा। शाम छह बजे तक परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण और अतिथियों का संबोधन होगा।
Hindi News Today, 26 October 2019 LIVE Updates: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
सरयू तट पर भव्य आयोजन : रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान राम के स्वरूप का तिलक कर युगों पूर्व राम राज्याभिषेक की स्मृति जीवंत करेंगे। इससे पूर्व पुष्पक विमान के हेलीकाप्टर से भगवान राम, सीता एवं लक्ष्मण के स्वरूप सरयू तट पर उतरेंगे जिनका अगवानी मुख्यमंत्री करेंगे। तैयारियों से प्रतीत हो रहा है कि रामनगरी में दो दिन दीपावली मनेगी। शनिवार को छोटी दीपावली के दिन यदि दीपोत्सव की भव्यता रोशन होगी, तो दीपावली का मुख्य पर्व पारंपरिक तौर पर दीप प्रज्वलन एवं आतिशबाजी से गुलजार होगा।
अयोध्या में कड़ी सुरक्षा : साढ़े छह से सात बजे तक नया घाट पर सरयू की आरती और पूजन किया जाएगा। राम की पैड़ी पर चार लाख दीपों का प्रज्वलन कर गिनीज बुक में रिकार्ड दर्ज कराया जाएगा। रात्रि आठ बजे राम की पैड़ी पर राम कथा का प्रदर्शन, सवा आठ बजे तक सरयू पुल से आतिशबाजी और फिर साढ़े आठ बजे से रात्रि दस बजे तक भारत, नेपाल, श्रीलंका, इंडोनेशिया एवं फिलीपींस की रामलीला का मंचन किया जाएगा। अयोध्या में कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।