असम में हो रही लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है, जिससे जनता बेहद परेशान है। मंगलवार (28 जून, 2022) को मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वा सरमा ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और लोगों की परेशानी भी सुनी। उन्होंने बजली में चारालपारा नयापार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।
इस दौरान, मुख्यमंत्री पैदल ही पहुंच गए और पानी में चलते हुए सभी जगह का दौरा किया। इस दौरान एक महिला वर्कर ने उन्हें पटका पहनाया। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एसए चौधरी नाम के एक शख्स ने ट्विटर पर लिखा- “अग्निवीर निकले सीएम साहब।”
बता दें कि असम के कई जिलों में लाखों लोग बाढ़ की वजह से परेशान हैं। इस दौरान कई नागरिकों की जान भी चली गई है। हालांकि, राज्य सरकार इस स्थिति को सुधारने के लिए पूरे प्रयास कर रही है और लोगों को भी हर सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। यहां लोगों को राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने शनिवार को बताया कि असम में बाढ़ की स्थिति में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन राज्य में प्राकृतिक आपदा के कारण 28 जिलों में 33.03 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। एएसडीएमए के मुताबिक, इस साल राज्य में बाढ़ और भूस्खलन में अब तक कुल 117 लोगों की जान जा चुकी है। जिनमें से अकेले बाढ़ में 100 लोगों की मौत हुई, जबकि बाकी 17 की मौत भूस्खलन के कारण हुई।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अकेले बारपेटा जिले में 8.76 लाख लोग, नागांव में 5.08 लाख, कामरूप में 4.01 लाख, कछार में 2.76 लाख, करीमगंज में 2.16, धुबरी में 1.84 लाख और दारांग जिले में 1.70 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
रविवार को अधिकारियों ने बताया कि भारतीय वायु सेना ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 7 प्रकार के फिक्स्ड और रोटरी-विंग विमान तैनात किए।
इससे पहले, असम के मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वा सरमा ने बाढ़ की स्थिति की निगरानी के लिए सिलचर का दौरा किया और बाढ़ से प्रभावित लोगों की स्थिति का जायजा लिया।