मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को केंद्र सरकार ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि मैंने सत्येंद्र जैन मामले के सारे कागज देखें हैं। केस बिल्कुल फर्जी है। हम कट्टर ईमानदार और देशभक्त लोग हैं। हम लोग भ्रष्टाचार को देश के साथ गद्दारी मानते हैं। सिर कटा सकते हैं, भ्रष्टाचार नहीं करेंगे, देश के साथ कभी गद्दारी नहीं कर सकते।
केजरीवाल ने कहा कि अभी पूरे देश ने देखा किस तरह हमने पंजाब में अपने ही एक मंत्री को खुद बर्खास्त करके जेल भेज दिया। इस पूरे मामले का किसी को पता भी नहीं था। हम चाहते तो पूरा मामला दबा सकते थे, लेकिन हमने ऐसा नहीं किया। हम देश के साथ गद्दारी नहीं कर सकते। हम अपनी आत्मा का सौदा नहीं करते।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि 2015 में भी एक ऐसा ही वाक्या हुआ था, जब हमने अपने ही खाद्य मंत्री को बर्खास्त करके सीबीआई को सौंप दिया था। तब भी किसी को नहीं पता था। हम चाहते तो पूरा मामला तब भी दबा सकते थे, लेकिन हमने ऐसा नहीं किया। केजरीवाल ने कहा कि देश तो क्या दुनिया ने भी राजनीति में इस स्तर की ईमानदारी नहीं देखी है। उन्होंने कहा कि जिस दिन हमने पंजाब के अपने मंत्री को जेल भेजा, बहुत लोगों के फोन आए, लोग भावुक हो रहे थे। बोल रहे थे कि हमने अपने इस जीवन में इस तरह की ईमानदारी नहीं देखी।
केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने सत्येंद्र जैन के सभी कागज देखे हैं। मैं पढ़ा-लिखा आदमी हूं, कानून की भी काफी समझ है। सत्येंद्र जैन पर लगाए गए सभी आरोप फर्जी हैं, पूरा का पूरा मामला फर्जी है। केवल राजनीतिक वजह से उनको गिरफ्तार किया गया है। अगर उनके मामले में एक परसेंट भी सच्चाई होती तो मैं खुद उनके खिलाफ सख्त एक्शन ले चुका होता। केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इन्होंने हमारे कई विधायकों पर झूठे केस किए, सभी कोर्ट से झूठ कर आ गए। हमारे ऊपर भी रेड डलवाई, कितने केस किए, कुछ नहीं मिला और अंत में सत्येंद्र जैन भी छूट जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हमारी पार्टी भगत सिंह के आदशों पर चलने वाली पार्टी है। भगत सिंह देश के लिए और सच्चाई के लिए शहीद हो गए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता समझता कि आम आदमी पार्टी में रहना है तो जेल जाने के लिए और कुर्बान होने के लिए तैयार रहना होगा। सत्येंद्र जैन देशभक्त हैं, कट्टर ईमानदार हैं, बेहद साहसी हैं। ऐसी जेल उनके साहस और जज्बे को और मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन ने पूरी दुनिया को मोहल्ला क्लीनिक का मॉडल दिया है। करोड़ों लोगों की दुआएं उनके साथ हैं।