भाजपा के एक सदस्य ने भारत की एकता-अखंडता व सांस्कृतिक, शैक्षणिक प्रगति में सम्राट अशोक के योगदान को देखते हुए उनके सम्मान में एक राष्ट्रीय पर्व घोषित किए जाने की मांग की है।
भाजपा के महेंद्र नाथ पांडे ने लोकसभा में कहा कि देश में अनेक महापुरुषों व अन्य लोगों के नाम पर अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्राचीन भारत के चक्रवर्ती सम्राट अशोक का भारत के विकास समेत हर क्षेत्र में अभूतपूर्व स्थान है। राष्ट्रीय प्रतीक, अशोक चक्र, धम्म चक्र समेत अनेक चीजें आज भी हम ग्रहण किए हुए हैं। यह 272 ईसा पूर्व में भारत पर शासन करने वाले अशोक के कार्यकाल में ही स्थापित हुर्इं।
उन्होंने भारत की सीमाओं को अफगानिस्तान और म्यामां तक विस्तारित किया। पांडे ने कहा कि सम्र्राट अशोक ने तक्षशिला और अनेक शैक्षणिक संस्थाओं का विकास किया। ऐसे नायक के सम्मान में एक राष्ट्रीय पर्व की घोषणा की जानी चाहिए जो देश की एकता, अखंडता की दृष्टि से अच्छा संदेश देने वाला होगा।