आंध्र प्रदेश में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने गुरूवार को कांग्रेस पर जमकर हमला किया। जम्मू-कश्मीर के पुलावामा में हुए हमले के बाद उन्होंने कहा कि जिस कश्मीर के कारण ये आतंकी घटना पाकिस्तान करवा रहा है, उस कश्मीर समस्या का कोई जनक है तो वो पंडित जवाहर लाल नेहरू है। शाह ने कहा कि अगर देश में सरदार पटेल पहले पीएम होते तो आज कश्मीर समस्या नहीं होती। कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए शाह ने कहा कि वो पुलवामा हमले का इस्तेमाल राजनीतिक हित के लिए कर रही है। इस दौरान उन्होंने सिद्धू के बहाने कहा कि जिसके नेता पाकिस्तान के पक्ष में बोलते हो वे हमें राष्ट्रवाद न सिखाएं।

दरअसल, अमित शाह लाभार्थी संपर्क अभियान के तहत आंध्र प्रदेश पहुंचे थे। यहां उन्होंने पुलवामा हमले के बाद आक्रामक रूख अपनाते हुए कांग्रेस समेत दूसरे विरोधी दलों के नेताओं को निशाने पर लिया। उन्होंने आंध्र के सीएम चंद्रबाबू नायडू पर हमला बोलते हुए कहा कि नायडू को पाकिस्तान के पीएम पर विश्वास है लेकिन भारत के पीएम पर नहीं। उन्होंने कहा कोई भी राजनीतिक लाभ के लिए उनकी तरह इतना नहीं गिर सकता है। इसके बाद शाह ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि जिस कश्मीर की वजह से पाकिस्तान आतंकी हमला करता है, उस कश्मीर समस्या का कोई जनक है तो वो पंडित जवाहर लाल नेहरू हैं।

 

सिद्धू के बहाने कांग्रेस पर तंज- अमित शाह ने रैली में बोलते हुए कहा कि उनके एक नेता (नवजोत सिंह सिद्धू) पाकिस्तान जाकर वहां के आर्मी चीफ को गले लगाते हैं। ऐसी पार्टी देशभक्ति की बात ना करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमें राष्ट्रवाद का पाठ न सिखाए। शाह ने कहा कि कांग्रेस पुलवामा आतंकी हमले का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।

अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के कार्यक्रम को मुद्दा बनाया गया। मैं कहना चाहता हूं कि पीएम मोदी 24 में से 18 घंटे देश के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल खड़ा करने वाली पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पुलवामा की दुखद घटना का भी राजनीतिकरण किया है।