बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी है। इसी सिलसिले में रविवार को दिल्ली में ‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’ कार्यक्रम के मौके पर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह मौजूद थे। शाह से जब इस मौके पर राम मंदिर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘राम मंदिर बनाने को लेकर हमारा रुख एकदम स्पष्ट है, और हम चाहते हैं कि अन्य दल भी राम मंदिर को लेकर अपना रुख साफ करें। हम राम मंदिर उसी जगह पर बनाएंगे जहां पर रामलला का जन्म हुआ था।’
गठबंधन सरकारों पर निशानाः शाह ने गठबंधन सरकारों को निशाने पर लेते हुए कहा, ‘पिछले 30 सालों में देश की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। झूठे वादे किए गए, जिससे देश का आर्थिक पतन हुआ और वित्तीय स्थिरता नहीं बन पाई। देश में गठबंधन सरकारों द्वारा कुप्रबंधन किया गया। पहले सरकारें पांच साल तक सीमित थीं, सरकारें इस तरह से नहीं चलनी चाहिए। सरकार निरंतरता में चलनी चाहिए। तभी देश आगे बढ़ सकता है।’
मोदी ने किया देश का विकासः अमित शाह ने मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा, ‘पिछले पांच वर्षों में देश की स्थिति बदली है। प्रधानमंत्री की दूरदर्शी नीतियों ने देश में दीर्घकालिक विकास की नींव रखी है। आज दुनिया भारत को सम्मान की नजर से देखती है। प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने देश को विकास और प्रगति के रास्ते पर लाने के लिए निर्णायक और कठोर कदम उठाए।’
‘लोगों से जानेंगे नए भारत पर उनके विचार’: शाह ने कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी और बाकी पार्टियों में बहुत अंतर है। भाजपा देश की एकमात्र पार्टी है जो आंतरिक लोकतंत्र में विश्वास करती है। जिस पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र है, वही पार्टी देश के लोकतंत्र को मजबूत कर सकती है।’ भाजपा के नए अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, ‘अगले एक महीने में 11 करोड़ भाजपा कार्यकर्ता 10 करोड़ परिवारों तक यह पता लगाने के लिए पहुंचेंगे कि नए भारत के बारे में उनका क्या विचार है और नरेंद्र मोदी से उनकी क्या अपेक्षाएं हैं।’

