आगरा में ताजमहल देखने आई विदेशी पर्यटक से कथित तौर पर एक टूरिस्ट गाइड ने छेड़छाड़ की। इसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गाइड के खिलाफ केस दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित महिला का आरोप है कि गाइड ने ताजमहल के अंदर फोटोग्राफी के दौरान अश्लील हरकत और छेड़खानी की।

पर्यटक थाने में पीड़ित महिला ने की शिकायत

अपने पति के साथ अमेरिका से आगरा घूमने आई एक महिला जब ताजमहल के अंदर घूमने पहुंची तो जानकारी देने वके लिए एक गाइड मनमोहन आर्य को साथ में ले लीं। इस दौरान उन्होंने परिसर के अंदर अपनी फोटोग्राफी भी कराई। महिला का आरोप है कि परिसर के मुख्य गुंबद के सामने सेंट्रल टैंक में फोटोग्राफी के दौरान गाइड ने कथित तौर पर उसके साथ अश्लील हरकत और छेड़खानी की। पीड़ित महिला पर्यटक ने इसकी शिकायत स्थानीय पर्यटक थाने में की। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपी गाइड को गिरफ्तार कर लिया और इसकी जांच शुरू कर दी है।

पंजाब में बेटे के ससुराल वालों ने की मारपीट

उधर, पंजाब के तरन तारन के एक गांव में 55 वर्षीय महिला के साथ उसके बेटे के ससुराल वालों ने कथित तौर पर मारपीट की और उसे अर्धनग्न करके घुमाया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि पीड़ित महिला के बेटे ने युवती से उसके परिजनों की इच्छा के खिलाफ शादी की थी। थाना प्रभारी सुनीता बावा ने कहा कि शनिवार को हुई घटना में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांचवां आरोपी फरार है। पंजाब पुलिस के अनुसार, यह घटना 31 मार्च को तरनतारन जिले में हुई।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बेटे ने एक महिला के साथ भागकर उसके परिवार की इच्छा के विरुद्ध उससे शादी कर ली थी, जिसके बाद यह घटना हुई। पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार जब वह अपने घर पर अकेली थी तब उसके बेटे के ससुराल वालों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ डाले। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उन्होंने उसे अर्धनग्न हालत में गांव में घुमाया। घटना का कथित वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर सामने आया।

थाना प्रभारी ने बताया कि युवती की मां कुलविंदर कौर मणि, भाईयों शरणजीत सिंह शन्नी और गुरचरण सिंह और एक पारिवारिक मित्र सनी सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि हिरासत लेने के लिए आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीडियो बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पांचवें आरोपी को भी पकड़ने की कोशिश की जा रही है। शिकायत के आधार पर, तीन अप्रैल को भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।