सपा नेता आजम खान के बयान पर बेटे अब्दुल्ला ने सफाई दी है। अब्दुल्ला आजम ने कहा कि जो आजम खान का बयान था वो ओपी राजभर के लिए कहा था। आजम खान ने ओपी राजभर के लिए कहा था कि उन्होंने सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को कभी धूप में खड़ा नहीं देखा।
बता दें, सपा नेता आजम खान ने ओम प्रकाश राजभर का समर्थन करते हुए सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर तंज कसा था। आजम खान ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा, ‘मैंने भी कभी अखिलेश यादव को धूप में खड़ा होते हुए नहीं देखा है।’ सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर भी कई बार अखिलेश को नसीहत दे चुके हैं कि वो एसी कमरों से बाहर निकलकर जनता के बीच पहुंचे तब जनता उन्हें समर्थन देगी। ओम प्रकाश राजभर ने इस साल हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था।
मुलायम-अखिलेश से ऐतराज हो सकता, उनके आचरण पर उंगली नहीं उठा सकते: आजम खान
सपा नेता आजम खान ने कहा कि मैं समझता हूं कि चाहें मुलायम सिंह यादव साहब हों या अखिलेश यादव साहब हों। हमको बहुत सी बातों पर उनसे ऐतराज हो सकता है, लेकिन उनकी भाषा, आचरण और उनकी तहजीब पर हम उंगली नहीं उठा सकते। उनकी गुफ्तगू, अंदाज और लफ्जों पर उंगली नहीं उठा सकते।
आजम खान ने कहा कि जहां तक राजभर साहब का ताल्लुक है। जाहिर है समाजवादी पार्टी से उनका गठबंधन था। वो गठबंधन में चुनाव लड़े उनके कुछ प्रत्याशियों को समाजवादी का चुनाव चिह्न मिला और वो जीते भी। उन्होंने कहा कि मैं जेल में था, मुझे जानकारी मिली कि वो शायद आने वाले हैं, नहीं वक्त मिला, लेकिन अब जो कुछ डॉयलाग का आदान-प्रदान हो रहा है, बल्कि यह कहें कि एक तरफा हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की तरफ से कोई हल्के स्तर का जवाब नहीं दिया गया है, इसलिए कि देना नहीं चाहिए। जरूरी नहीं है कि पत्थर वाले के जवाब में भी पत्थर मारा जाए। कीचड़ फेकने वाले के जवाब में कीचड़ फेंका जाए। गंदगी फेकने वाले के जवाब में गंदगी फेंकी जाए। अगर यह सब होने लगेगा फिर फर्क नहीं रह जाएगा।
राजभर ने कहा था- अखिलेश एसी से बार निकलते तो उपचुनाव नहीं हारते
बता दें, उत्तर प्रदेश में दो लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सपा गठबंधन को दोनों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। जबकि रामपुर और आजमगढ़ दोनों सपा के गढ़ माने जाते हैं।
उपचुनाव में दोनों सीटों पर हार मिलने के बाद ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा था कि इनको एसी कमरों से बाहर निकलना चाहिए। अगर वो एसी कमरों से बाहर निकलते तो उपचुनाव में हार का मुंह नहीं देखना पड़ता। राष्ट्रपति चुनाव में ओम प्रकाश यादव ने समाजवादी पार्टी के विरोध में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया।
यशवंत सिन्हा से मुलाकात के बाद क्या बोले थे आजम खान–
राष्ट्रपति चुनाव को लेकर जब यशवंत सिन्हा ने लखनऊ में अखिलेश यादव और जयंत चौधरी से मुलाकात की थी। उस वक्त वो आजम खान से भी मिले थे। यशवंत सिन्हा से मुलाकात के बाद जब मीडिया कर्मियों ने आजम खान से पूछा कि क्या उम्मीद है देश को इस बार अगला राष्ट्रपति विपक्ष से मिलने वाला है। इस सवाल के जवाब में आजम खान ने कहा था, ‘ख्वाब तो हम भी देख रहे हैं। यह जरूरी थोड़ी है कि हर ख्वाब सच हो जाए। अंधे हैं हम, देखेंगे क्या? बहरें हैं हम, सुनेंगे क्या? गूंगे हैं हम, बोलेंगे क्या? मगर ये हमारा वतन तो है।’