अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की एक महिला डॉक्टर की दिल्ली के पहाड़गंज, नबीकरीम के एक होटल में संदिग्ध हालत में लाश मिली। मरने से पहले उसने एक पत्र लिखकर भी छोड़ा है जिसमें पति और ससुराल वालों के बारे में कई प्रकार की बातें लिखी हुई है।

शुरुआती जांच में पुलिस ने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर उसके पति और एम्स में डॉक्टर कमल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने धारा 498 ए और 320 बी के तहत मामला दर्ज करने के साथ ही खुदकुशी, लड़के के गे होने से परेशान और प्रताड़ित करने जैसे अन्य धाराओं के तहत भी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह नबीकरीम के एक होटल के कमरा नंबर-302 में एम्स की एनेसथिसिया डिपार्टमेंट में बतौर रेजिडेंट डॉक्टर काम करने वाली 31 साल की प्रिया की लाश मिली। प्रिया की साल 2010 में एम्स में ही कार्यरत 35 साल के डॉक्टर कमल से शादी हुई थी। शुरुआती जांच में पता चला कि शनिवार दोपहर अपने पति से झगड़े के बाद प्रिया इस होटल में आकर रुकी थी। उसकी हाथ की नसें कटी हुई थी और एक पत्र लिखकर उसने छोड़ रखा था।

जांच में पता चला कि रात दो बजे के करीब डॉक्टर ने अपने हाथ की नसें काटकर खुदकुशी कर ली होगी। होटल में अपनी पहचान के तौर पर प्रिया ने जयपुर का बना ड्राइविंग लाइसेंस दिया था। पता चला कि मरने से पहले प्रिया ने अपने फेसबुक पेज पर कई परेशानियों का जिक्र किया जिससे साफ संकेत मिलते हैं कि प्रिया की उसकी पति से बनती नहीं थी।

प्रिया ने मौत से पहले जो सुसाइड नोट लिखा है उसमें उसने अपने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रिया के परिवारवालों का आरोप है कि प्रिया का पति डा कमल गे है और उसके कई पुरुषों के साथ संबंध थे। इसकी जानकारी जब प्रिया को लगी तो वह परेशान रहने लगी। इस परेशानी में उसके पति ने भी घी डालने का काम किया और दोनों में अक्सर झगड़ा शुरू हो गया था।

प्रिया के परिवार का कहना है कि 15 दिन पहले भी प्रिया ने खुदकुशी की कोशिश की थी लेकिन इस बात की जानकारी पीड़ित परिवार को नहीं दी गई। पति कमल एम्स में ही डॉक्टर हैं। पुलिस ने प्रिया के परिवार वालों की शिकायत पर कमल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रिया की खुदकुशी से पहले लिखे पत्र में दी गई जानकारी का भी पुलिस पता लगा रही है। प्रिया की लाश को पोस्टमोर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या सिर्फ पति से अनबन ही प्रिया की खुदकुशी की वजह है या मौत के पीछे कुछ और भी कारण है।