आगरा: देश के अधिकांश हिस्सों में हो रही लगातार बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित है। जहां एक तरफ पहाड़ों में बादल फटने की खबरें आ रही हैं वहीं दिल्ली, मुंबई समेत कई जिलों में नदियां उफान पर हैं। इसी बीच जानकारी मिल रही है कि आगरा के ताजमहल तक यमुना का पानी पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा दृष्टिकोण से बनाई गई सीआईएसएफ की चौकी को भी हटाना पड़ा है। वहीं पास का श्मशान घाट भी डूब गया है।
लोकल समाचार पत्रों में दी गई जानकारी के अनुसार, तेजी से बढ़ता यमुना का पानी अब ताजमहल के पास स्थित दशहरा घाट तक पहुंच गया है। इसके साथ ही ताजमहल के पीछे बने पार्क में पानी से भर गया है। बढ़ते जलस्तर की वजह से यमुना ताजमहल के पिछली दीवार को छू सकती है।
नाव चलाने पर लगी है रोक
आगरा ताजगंज स्थित मोक्षधाम पर पिछले कुछ दिन से पानी भरा हुआ है। इस वजह से लोगों को खुले में दाह संस्कार करना पड़ रहा है जबकि कई जगहों पर दाह संस्कार करने जाना पड़ रहा है। शहर का बल्केश्वर पार्वती घाट पानी में डूब चुका है। बीते 17 अगस्त को हथिनीकुंड बैराज 1.78 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जिसकी वजह से आगरा में यमुना उफान पर हैं। इसको देखते हुए अगले 24 घंटे के लिए चेतावनी जारी की गई है।
इसे भी पढ़ें – दिल्ली में उतरने लगा यमुना का पानी, लोगों को सता रहा सांप-बिच्छुओं का डर
स्थिति को ध्यान में रखते हुए आगरा के डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने गुरुवार को संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था। इसको लेकर अगले 2 दिनों तक यमुना में नाव चलाने पर भी रोक लगा दी गई है।