महाराष्ट्र में भारी बारिश कहर बनकर टूट पड़ी है। पुणे में दीवार गिरने के चंद घंटों बाद ही राजधानी मुंबई में भी ऐसा ही हादसा हुआ। मुंबई में हुई दुर्घटना में अब तक 12 लोगों के मारे जाने की खबर मिली है। वहीं 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में मृतकों की संख्या में इजाफे की आशंका जताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह हादसा मलाड ईस्ट के पिंपरीपाड़ा इलाके में हुआ है। हादसे की वजह लगातार बारिश बताई जा रही है। फिलहाल कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

पुणे में फिर गिरी दीवारः मुंबई में हुए हादसे के चंद घंटों पहले मंगलवार (2 जुलाई) को ही रात 1:15 बजे अंबेगांव इलाके में भी दीवार गिरी थी। इस हादसे में भी छह लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। यहां भी मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि मलबे में कितने लोग दबे हैं। पुणे में चार दिनों में ही दीवार गिरने का यह दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले हुए हादसे में बिहार के रहने वाले 15 मजदूरों की मौत हो गई थी। ये तीनों हादसे रात के ही समय हुए।

मुंबई में हालात बिगड़ेः मुंबई में पिछले कई घंटों से लगातार बारिश जारी है। इसके चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने मंगलवार (2 जुलाई) को सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं बीएमसी ने ग्रेटर मुंबई के सभी दफ्तरों को भी बंद रखने का आदेश जारी किया है। मुंबई में विरार, नालासोपारा समेत कई इलाकों में जलभराव से मुसीबत बढ़ गई है।