Mulayam Singh Yadav: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का सोमवार (10 अक्टूबर) को गुरुग्राम में मेदांता के ICU में निधन हो गया। वो 82 साल के थे उन्हें यूरिन इंफेक्शन, ब्लड प्रेशर और सांस लेने में तकलीफ के चलते 2 अक्टूबर को मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनकी तबीयत लगातार नाजुक बनी हुई थी। सपा संस्थापक के मौत की खबर सुनते ही सपा कार्यकर्ताओं में गम और निराशा की एक लहर दौड़ गई। इस बीच सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई अभय राम यादव की तबीयत बिगड़ने लगी। बड़े भाई के निधन की सूचना मिलते ही उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बात करने से इनकार कर दिया।
नेता जी के निधन के बाद देश भर में जगह-जगह से सपा कार्यकर्ताओं के दुखी होने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने लगीं। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने ट्विटर पर अपने पिता के निधन की पुष्टि सोमवार की सुबह की। मुलायम सिंह यादव ने 70 के दशक से सियासत की शुरुआत की थी उस समय देश की राजनीति में बहुत तेजी से उथल-पुथल हो रहा था। ये वो दौर था जब उत्तर प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग को राजनीतिक प्रभुत्व मिलना शुरू हो गया था और कथित उच्च जाति के नेताओं के वर्चस्व वाली कांग्रेस पार्टी को प्रदेश की जनता ने दरकिनार कर दिया था।
पांच भाई थे मुलायम सिंह यादव
मुलायम सिंह यादव पांच भाई थे जिनमें अभय राम यादव, रतन सिंह यादव, मुलायम सिंह यादव, शिवपाल यादव और राजपाल यादव का नाम शामिल रहा। भाइयों में अभय राम की सियासत में दिलचस्पी नहीं रही और वो हमेशा से मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे हैं। जिसकी वजह से नेता जी के निधन के बाद उन्हें आघात पहुंचा है। सैफई में जैसे ही उन्होंने मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर सुनी उनकी तबीयत नासाज हो गई थी।
मुलायम सिंह यादव तीन बार बने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री
साल 1989 ये वो साल था जब पहली बार कोई गैर कांग्रेसी नेता उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बना था तब से लेकर आज तक कांग्रेस यूपी की सत्ता पर काबिज नहीं हो पाई। मुलायम सिंह यादव पहली बार भारतीय जनता पार्टी के बाहरी समर्थन से मुख्यमंत्री बने। इसके बाद साल 1993 में सपा नेता के तौर पर बसपा के सहयोग से मुलायम सिंह यादव ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। जब की साल 2003 में मुलायम सिंह यादव ने तीसरी बार सपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के नेता के रूप में मुख्यमंत्री का पद ग्रहण किया। मुलायम सिंह यादव के तीनों कार्यकाल की कुल अवधि लगभग 6 साल 9 महीने की रही।