उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। वहीं इसके कारण यमुना एक्सप्रेस-वे (Yamuna Expressway) पर एक भीषण एक्सीडेंट हो गया। हालांकि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन हादसे में कई विदेशी लोग भी घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद पुलिस पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कुल 8 गाड़ियों में हुई टक्कर

दरअसल कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम थी और करीब पांच गाड़ियां एक ट्रक से टकरा गईं। इसके तुरंत बाद 3 और गाड़ियां टकरा गईं। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई और पुलिस भी तुरंत पहुंची। इस घटना में करीब 10 लोग घायल हुए हैं, जिसमे से कई विदेशी भी हैं। हाई-वे की टीम भी पहुंची और उसके बाद सभी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटाया गया।

घायलों में विदेशी भी शामिल

जब एक्सीडेंट हुआ उस समय कोहरा काफी अधिक था और विजिबिलिटी काफी कम थी। इस दौरान विदेशी सैलानियों को लेकर एक गाड़ी आ रही थी जो ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में करीब आधा दर्जन विदेशी सैलानी घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बुलंदशहर में भी हुआ था ऐसा हादसा

यूपी के बुलंदशहर में 20 दिसंबर को सुबह एन एच 91 पर घने कोहरे की वजह से करीब 10 वाहन आपस में भिड़ गए थे। बता दें कि इस खतरनाक एक्सीडेंट के कारण 8 यात्री घायल हो गए थे। ये घटना बुलंदशहर के थाना अरनिया दशहरी NH 91 पर सुबह करीब साढ़े 6 बजे हुई थी। पिछले कई दिनों से घना कोहरा छा रहा है, जिसके कारण एक्सीडेंट हो रहे हैं। मौसम विभाग ने भी कोहरे में गाड़ी धीरे चलाने का निर्देश दिया है

वहीं कुछ दिन पहले Yamuna Expressway पर एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि 12 लोग घायल हो गए थे। दरअसल यात्रियों को ले जा रही एक बस कोहरे के कारण एक कंटेनर वाहन से टकराकर रेलिंग से नीचे जा गिरी। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया था।