बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के पीए ने एक शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर एक शख्स द्वारा रेकी करने का आरोप लगाया था। अब कोलकाता पुलिस ने उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए शख्स का नाम राजा राम रेगे है और वह करीब 50 साल का है।
मुंबई के माहिम से हिरासत में लिया गया आरोपी
कोलकाता पुलिस ने राजा राम को मुंबई के माहिम से हिरासत में लिया है। कोलकाता पुलिस शख्स को मुंबई से कोलकाता लाएगी और उससे पूछताछ की जाएगी। हालांकि मुंबई पुलिस ने कहा है कि हिरासत में लिया आदमी आतंकवादी है या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है। इसकी जांच कोलकाता पुलिस कर रही है।
डेविड हेडली का हुआ जिक्र
कोलकाता पुलिस के एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुरलीधर शर्मा ने बताया कि 26/11 के आरोपी डेविड हेडली ने जिन लोगों से सहायता ली थी, उनमें से राजा राम रेगे भी एक था। इसी नाम के व्यक्ति को पुलिस ने अभिषेक के घर और ऑफिस की रेकी करने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अभिषेक बनर्जी और उनके पीए का फोन नंबर खोज निकाला और कहा कि वो उनसे मिलना चाहता है। इसी दौरान उसने घर की रेकी की थी।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा था धमाका होगा
बता दें कि विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि सोमवार को एक बड़ा धमाका होगा, जो तृणमूल और उसके शीर्ष नेतृत्व को हिला कर रख देगा। इसी बयान को आधार बनाते हुए ममता बनर्जी ने अपनी और अभिषेक बनर्जी की जान को खतरा बताया। ममता ने कहा था कि बीजेपी उन्हें और उनके भतीजे सांसद को निशाना बना रही है।
ममता ने लगाया था बड़ा आरोप
एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा था कि भाजपा मुझे और अभिषेक को निशाना बना रही है। ममता ने कहा था कि हम सुरक्षित नहीं हैं लेकिन हम केंद्र की बीजेपी सरकार की साजिश से भी नहीं डरते हैं। ममता ने आगे कहा था कि हम तृणमूल नेताओं और पश्चिम बंगाल के लोगों के खिलाफ साजिश के प्रति सावधान रहना चाहिए।