हाथरस में गैंगरेप पीड़िता से मिलने पहुंचे आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह पर सोमवार को स्याही फेंकी गई। यह घटना उस समय हुई जब आप सांसद पीड़ित परिवार से मिलकर लौट रहे थे। इस दौरान उनके साथ आप की पूर्व विधायक राखी बिडलान व अन्य लोग भी थी।

घटना के बारे में संजय सिंह ने कहा कि हाथरस में कायराना हरकत गैंगरेप पीड़िता के घर से लौटते समय हुआ। संजय सिंह जब मीडिया से बातचीत कर रहे थे उसी दौरान काली शर्ट पहने एक शख्स ने नारेबाजी करते हुए अचानक उन पर स्याही फेंक दी। ये शख्स ‘PFI के दलालों वापस जाओ’ का नारा लगा रहा था। घटना के बाद आप कार्यकर्ता और फिर पुलिस ने इस शख्स को पकड़ा। उन्होंने बताया कि पुलिस सुरक्षा में वह पीड़िता के घर पहुंचे थे।

लौटते समय उनके साथ राखी बिडलान, अजय दत्त व फ़ैसल लाला साथ थे। आप सांसद ने कहा कि योगी जी आप ‘ठाकुर नही कायर हो’ मुझ पर चाहे जितने मुक़दमे लिखो जेल भेजो लाठी चलाओ या हत्या करवा दो लेकिन पीड़िता के लिये न्याय की लड़ाई जारी रहेगी। वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस घटना की आलोचना की है।

केजरीवाल ने कहा, ‘संजय जी UP सरकार के अन्याय और अत्याचार के ख़िलाफ़ आप निडर हो कर बोलते रहे हैं। उन्होंने आप पर 14 FIR की, दफ़्तर सील किया पर आपको गिरफ़्तार करने की हिम्मत नहीं कर पाए तो आज हमला करवा दिया। ये UP सरकार में बैठे लोगों की पराजय और बदहवासी दिखाता है इसका मतलब आप सही रास्ते पर हैं।’

वहीं, दिल्ली के शिक्षा मंत्री व आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि संजय सिंह के काम से बलात्कारी और उनकी पार्टी के लोग डरते हैं। इसीलिए कभी FIR तो कभी स्याही फेंक कर उन्हें रोकने की कोशिश करते हैं।